*विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए आयुक्त गढ़वाल मंडल आनन्द स्वरूप ने जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक*

*मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की दी विस्तृत जानकारी*

*14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक किए जा सकेंगे दावे एवं आपत्तियां, अंतिम मतदाता सूची 15 सितम्बर को होगी प्रकाशित*

*हरिद्वार। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनन्द स्वरूप की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील सभागार में विधानसभा क्षेत्र 28-भगवानपुर (अ.जा.) के विधायक एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के संबंध में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आयुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 01 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से मतदाता सूची का गंभीरता से परीक्षण करने तथा पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के लिए सहयोग करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। इसके पश्चात 14 जुलाई से 11 सितम्बर 2026 तक नोटिस जारी करने एवं दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा तथा 15 सितम्बर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

बैठक में बताया गया कि जनपद हरिद्वार की 11 विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का आलेख प्रकाशन कर दिया गया है। मतदाता सूची बीएलओ, तहसील कार्यालय एवं जिला निर्वाचन कार्यालय में निरीक्षण के लिए उपलब्ध है। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित प्रपत्र भरकर बीएलओ के माध्यम से अथवा ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं यदि किसी मतदाता की मृत्यु हो चुकी है, वह संबंधित क्षेत्र में निवास नहीं करता अथवा नाम, पता या अन्य विवरण में त्रुटि है, तो उसके संशोधन अथवा विलोपन के लिए भी निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।

बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि जनपद में कुल 12,46,219 मतदाता हैं, जिनमें 6,64,795 पुरुष, 5,81,323 महिला तथा 101 अन्य मतदाता शामिल हैं।

आयुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची में दर्ज विसंगतियों एवं ASD (Absent, Shifted, Dead) सूची का भी परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे उपलब्ध कराई गई सूचियों का अध्ययन कर आवश्यक सुझाव एवं आपत्तियां समयबद्ध रूप से प्रस्तुत करें, जिससे मतदाता सूची अधिक शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाई जा सके।

उप जिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी ने आयुक्त गढ़वाल मंडल को अवगत कराया है कि मतदाता सूची को त्रुटि रहित बनाने के लिए सभी बीएलओ एवं ए ई आर ओ के साथ निरंतर बैठक की जा रही है तथा सभी को मतदाता सूची को त्रुटि रहित बनाने के लिए प्राप्त आपत्तियों पर गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए जा रहे है ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तरह अपात्र व्यक्ति का नाम किसी भी दशा में मतदाता सूची में शामिल न हो सके।

बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद में मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय एवं तहसीलों में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। अब तक प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जा चुका है। बैठक में संबंधित निर्वाचन अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान विधायक भगवानपुर ममता राकेश ,सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली, तहसीलदार दयाराम, वीरेंद्र प्रसाद त्रिपाठी, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, उपाध्यक्ष आम आदमी पार्टी प्रेम सिंह, सुशील, सत्य राव सिंह,अंजली जोशी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि,एईआरओ, बीएलओ एवं संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma Working in journalism since 1985 as the first woman journalist of Uttarakhand. From 1989 for 36 years, she provided her strong services for India's top news agency PTI. Working for a long period of thirty-six years for PTI, he got her pen ironed on many important occasions, in which, by staying in Tehri for two months, positive reporting on Tehri Dam, which was in crisis of controversies, paved the way for construction with the power of her pen. Delivered.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *