सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत जिलाधिकारी ने सुनीं जन समस्याएं, क्षेत्रवासियों को दी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

जखोली में आयोजित तहसील दिवस में 74 शिकायतें दर्ज, 34 का मौके पर हुआ निस्तारण

सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के मार्गदर्शन में जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जिला प्रशासन लगातार सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को विकास खण्ड सभागार जखोली में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील दिवस/जन समर्पण दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 74 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 34 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

तहसील दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल भी लगाए गए। पशुपालन विभाग ने पशुपालन एवं टीकाकरण योजनाओं, उद्यान विभाग ने बागवानी एवं फलोत्पादन कार्यक्रमों, मत्स्य विभाग ने मत्स्य पालन प्रोत्साहन योजनाओं तथा डेयरी विकास विभाग ने दुग्ध उत्पादन एवं स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं की जानकारी क्षेत्रवासियों को प्रदान की। इसके अतिरिक्त समाज कल्याण, सेवायोजन, कृषि, पूर्ति, स्वास्थ्य, बाल विकास सहित अन्य विभागों द्वारा भी अपनी-अपनी योजनाओं, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

तहसील दिवस में ग्रामीणों ने क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। जखवाड़ी के ग्रामीणों ने कोट-जखवाड़ी मल्ली सड़क के डामरीकरण एवं पुश्ता निर्माण की मांग उठाई। देवल निवासी गुरु प्रसाद ने भारी वर्षा के कारण उनके आवासीय भवन एवं पुश्ते को हुई क्षति से अवगत कराया तथा आवश्यक सहायता की मांग की। जखनोली निवासी विजेंद्र सिंह मेवाड़ ने जलागम विभाग के माध्यम से क्षेत्र में सोलर लाइटें स्थापित करने का अनुरोध किया। वहीं मुसाढुंग निवासी शेर सिंह ने जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान की समस्या उठाते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की। प्रधान ग्राम पंचायत जखोली (लस्या) नरेंद्र सिंह चौहान ने आपदा के कारण क्षतिग्रस्त ग्रामीण मार्गों के शीघ्र सुधारीकरण की मांग रखी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि मा० मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं को उनके क्षेत्र में पहुंचकर सुन रहा है तथा उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जखोली में आयोजित इस तहसील दिवस में प्राप्त अधिकांश शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया है तथा शेष समस्याओं के निराकरण हेतु संबंधित विभागों को प्रस्ताव तैयार करने एवं आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण की प्रगति से शिकायतकर्ताओं को भी नियमित रूप से अवगत कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से आपदा के दृष्टिगत सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित परियोजनाओं एवं संवेदनशील स्थलों का नियमित निरीक्षण करने तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में प्रमुख क्षेत्र पंचायत जखोली विनीता चमोली, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, खण्ड विकास अधिकारी विजय सिंह नेगी, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत वीरेंद्र गुसाईं, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई पवन कुमार, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम रमाकांत गुप्ता, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग संजीव कुमार सैनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, एआरटीओ धर्मेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *