विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने मतदेय स्थल का किया निरीक्षण

नोटिस वितरण, दावे-आपत्तियों एवं सुनवाई कार्य का लिया जायजा, निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने गुरुवार को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र रुद्रप्रयाग के मतदेय स्थल संख्या-151, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रुद्रप्रयाग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित नोटिस वितरण, दावे-आपत्तियों के निस्तारण एवं सुनवाई प्रक्रिया की प्रगति का विस्तार से अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एईआरओ, बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों से जारी नोटिसों, प्राप्त दावे-आपत्तियों तथा सुनवाई की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की। अधिकारियों ने अवगत कराया कि संबंधित मतदेय स्थल पर गुरुवार को कुल 84 नोटिसों पर सुनवाई की कार्रवाई गतिमान है। जिलाधिकारी ने सुनवाई से संबंधित अभिलेखों का भी निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। मतदाता सूची की शुद्धता एवं अद्यतनता सुनिश्चित करना निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता का आधार है। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करते हुए प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली से वंचित न रहे तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाया जा सके।

सभी अधिकारी निर्धारित मानकों एवं प्रक्रिया का पालन करते हुए प्रत्येक दावे एवं आपत्ति का तथ्यों के आधार पर परीक्षण करें तथा प्रत्येक प्रकरण का अभिलेखीकरण सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखा जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि सुनवाई प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी हो तथा मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि अभियान के दौरान आमजन से समन्वय एवं संवाद बनाए रखते हुए उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बीएलओ एवं निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों को पूरी संवेदनशीलता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, जिससे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सफलतापूर्वक एवं निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान एईआरओ एवं अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग हरेंद्र चौहान, बीएलओ क्रांति बिष्ट सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं नोटिसों के संबंध में उपस्थित नागरिक मौजूद रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma Working in journalism since 1985 as the first woman journalist of Uttarakhand. From 1989 for 36 years, she provided her strong services for India's top news agency PTI. Working for a long period of thirty-six years for PTI, he got her pen ironed on many important occasions, in which, by staying in Tehri for two months, positive reporting on Tehri Dam, which was in crisis of controversies, paved the way for construction with the power of her pen. Delivered.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *