राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस
सनातन चेतना से अंतरिक्ष के अनंत आकाश तक भारत की गौरवगाथा
राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर परमार्थ निकेतन से भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के समर्पित वैज्ञानिकों तथा इस महान यात्रा से जुड़े कर्मयागियों को हार्दिक बधाई

ऋषिकेश, 23 अगस्त। भारत की अंतरिक्ष यात्रा विज्ञान की उपलब्धियों के साथ उस भारत की जीवंत गाथा है, जिसकी चेतना ने हजारों वर्षों पहले ही आकाश को केवल देखने की वस्तु नहीं, बल्कि ‘अनंत’ को जानने की दिशा माना था। जिस सभ्यता ने सूर्य को देवत्व, चंद्रमा को शीतल चेतना, नक्षत्रों को कालगणना और आकाश को ब्रह्मांडीय विस्तार के रूप में अनुभव किया, उसी भारत ने आज आधुनिक विज्ञान की शक्ति से अंतरिक्ष की गहराइयों में अपनी नई पहचान अंकित की है।

राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर परमार्थ निकेतन से भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के समर्पित वैज्ञानिकों, अभियंताओं, तकनीशियनों, शोधकर्ताओं तथा इस महान यात्रा से जुड़े प्रत्येक कर्मयोगी को हार्दिक बधाई एवं अभिनंदन। यह दिवस चंद्रमा पर भारत की विजय के साथ उस अदम्य भारतीय संकल्प का उत्सव भी है।

चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक सफलता ने भारत को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र के निकट सफलतापूर्वक उतरने वाला अग्रणी राष्ट्र बनाया। यह उपलब्धि तकनीकी कौशल, वैज्ञानिक सूझबूझ, धैर्य और टीम भावना का अद्भुत संगम थी परंतु इसकी सबसे बड़ी प्रेरणा यह है कि भारत ने यह यात्रा अपनी स्वदेशी प्रतिभा, स्वदेशी तकनीक और आत्मनिर्भर वैज्ञानिक क्षमता के बल पर आगे बढ़ाई।

भारत की अंतरिक्ष यात्रा हमें यह भी स्मरण कराती है कि आधुनिकता और सनातन एक-दूसरे के पूरक हैं। सनातन का अर्थ केवल अतीत में लौटना नहीं; सनातन का अर्थ है उस शाश्वत जिज्ञासा को जीवित रखना जो मनुष्य को प्रश्न पूछने, सत्य खोजने और अज्ञात के पार देखने के लिए प्रेरित करती है।

ऋग्वेद की प्रार्थना “आ नो भद्राः क्रतवो यन्तु विश्वतः” अर्थात् चारों दिशाओं से हमारे पास श्रेष्ठ विचार आएँ, विज्ञान भी तो इसी जिज्ञासा का नाम है, जो ज्ञात है, उसके आगे अज्ञात को जानने का साहस।

हमारे ऋषियों ने आकाश की ओर देखकर ब्रह्मांड के रहस्यों पर चिंतन किया; आज हमारे वैज्ञानिक उसी आकाश की ओर देखकर अंतरिक्षयान भेज रहे हैं। कभी हमारे आचार्यों ने “यत् पिण्डे तत् ब्रह्माण्डे” की अनुभूति की, आज भारतीय वैज्ञानिक सूक्ष्मतम तकनीक से लेकर विराट ब्रह्मांड तक की संरचनाओं को समझने का प्रयास कर रहे हैं। यह यात्रा केवल तकनीकी विकास नहीं, बल्कि जिज्ञासा से ज्ञान, ज्ञान से विज्ञान और विज्ञान से कल्याण तक की यात्रा है।

राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस हमें दिशा देता है जड़ों से जुड़े रहकर ऊँचाइयों को छूने की। आइए, इस राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर एक नए भारत का संकल्प लें, जहाँ सनातन की चेतना, आधुनिक विज्ञान की दृष्टि और आत्मनिर्भर भारत की शक्ति एक साथ आगे बढ़े।

जिस भारत ने कभी आकाश में नक्षत्रों की गति को समझने का प्रयास किया था, वही भारत आज अंतरिक्ष की नई सीमाएँ रच रहा है। यह केवल चंद्रमा तक पहुँचना नहीं है; यह भारत की चेतना का क्षितिज विस्तृत होना है।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *