*जनपद में लैंड बैंक तैयार करने की कवायद तेज, जिलाधिकारी ने दिए भूमि मैपिंग के निर्देश*

जनपद में लैंड बैंक तैयार किए जाने को लेकर जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को वन विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में उपलब्ध विभिन्न श्रेणी की भूमि का चिह्नीकरण, मैपिंग एवं डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किए जाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने वन विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभाग के अंतर्गत आने वाली भूमि का विस्तृत सर्वेक्षण एवं मैपिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने वन विभाग को रिजर्व वन भूमि तथा राजस्व विभाग को सिविल भूमि की मैपिंग करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि लैंड बैंक तैयार करने का उद्देश्य उपलब्ध भूमि की स्पष्ट एवं व्यवस्थित जानकारी तैयार करना है, जिससे भविष्य में विभिन्न विकासात्मक एवं जनहित से जुड़ी योजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता का आकलन आसानी से किया जा सके।

उन्होंने दोनों विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा जीआईएस एक्सपर्ट की सहायता से जनपद में डिग्रेडेड (अवक्रमित) भूमि का भी चिह्नीकरण एवं मैपिंग करने के निर्देश दिए। मैपिंग के दौरान भूमि की स्थिति, स्थान एवं संबंधित आवश्यक विवरण को डिजिटल रूप से दर्ज करने पर विशेष जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि मैपिंग का कार्य पूरी सटीकता एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि तैयार किए जाने वाले लैंड बैंक में भूमि से संबंधित जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करते हुए आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में यह भी तय किया गया कि मैपिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चिन्हित भूमि का के एम एल (कीहोल मार्कअप लैंग्वेज फाइल) के रूप में डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इससे चिन्हित भूमि को डिजिटल मैप पर देखा और आवश्यकता के अनुसार उसका उपयोग एवं विश्लेषण किया जा सकेगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि मैपिंग की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करते हुए आवश्यक डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाए, ताकि जनपद के लिए एक व्यवस्थित एवं उपयोगी लैंड बैंक विकसित किया जा सके।

बैठक के दौरान डीएफओ रुद्रप्रयाग विनीत कुमार, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *