समाधान दिवस में 120 शिकायतें दर्ज, डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

भूमि धोखाधड़ी, अवैध कब्जे, मोबाइल टावर और पारिवारिक उत्पीड़न से जुड़े मामले प्रमुखता से उठे

90 किराएदारों वाले जर्जर भजन आश्रम भवन का मामला गंभीर, डीएम ने दिए तत्काल एक्शन के निर्देश

देहरादून , जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 120 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने ई-ऑफिस, सीएम घोषणा एवं सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा भी की और सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का भी प्राथमिकता एवं समयबद्वता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

ऋषिकेश भजन आश्रम के सचिव ने अद्वैतानंद मार्ग स्थित भजन आश्रम भवन संख्या-2 तथा तिलक मार्ग स्थित भवन संख्या-3 के जर्जर होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि दोनों भवनों में करीब 90 किराएदार रह रहे हैं और नोटिस जारी किए जाने के बावजूद भवन खाली नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने संभावित दुर्घटना की आशंका जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम ऋषिकेश एवं नगर निगम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

70 वर्षीय विधवा प्रेमा रावत ने भूमि धोखाधड़ी का मामला उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रॉपर्टी डीलर ने धोखाधड़ी कर उनकी 228 वर्गमीटर भूमि का विक्रय पत्र तैयार कर भूमि बेच दी तथा उन्हें 90 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया। पैसा मांगने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर को मामले की जांच के निर्देश दिए।

रायपुर निवासी कृष्ण कुमार ने शिकायत की कि उन्होंने संजय कुमार के पास पांच लाख रुपये की तीन कमेटियां 15 माह के लिए डाली थीं। इसके अतिरिक्त 30.75 लाख रुपये उधार दिए गए, लेकिन संबंधित व्यक्ति द्वारा धनराशि वापस नहीं की जा रही है। जिलाधिकारी ने मामले की जांच के लिए सीओ रायपुर को निर्देशित किया।

ग्राम पंचायत सिंधवाल के उपप्रधान ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय भवन की जर्जर छत की मरम्मत न होने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को मौके की जांच कर शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

त्यूनी-चकराता-मसूरी मोटर मार्ग पर बारिश के कारण बोल्डर गिरने और पुस्ता क्षतिग्रस्त होने से आवागमन बाधित होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एनएच के अधिकारियों को सड़क को शीघ्र सुगम बनाने के निर्देश दिए।

सहसपुर के ग्राम पंचायत छरबा में आवासीय भूमि पर मोबाइल टावर लगाए जाने तथा एमडीडीए द्वारा टावर को अवैध घोषित किए जाने के बावजूद उसे न हटाए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एमडीडीए को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं कृष्णा विहार में घनी आबादी के बीच मकान की छत पर मोबाइल टावर लगाए जाने की शिकायत पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को जांच के निर्देश दिए गए।

पटेल नगर निवासी 75 वर्षीय विधवा ऊषा सूरी ने किराएदार पर उत्पीड़न करने, किराया न देने तथा मकान पर अवैध रूप से कब्जा करने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ पटेल नगर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

रेसकोर्स निवासी 65 वर्षीय माला देवी ने अपने छोटे बेटे और बहू पर मारपीट का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए।

नत्थनपुर छह नंबर पुलिया के आसपास सब्जियों एवं अन्य सामान की ठेलियों के कारण यातायात जाम और अन्य समस्याओं की शिकायत पर नगर निगम देहरादून को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

आर्थिक रूप से कमजोर अनिता निवासी नीलकंठ और अनिता थापा निवासी मोथरोवाला ने कच्चे मकानों की मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। वहीं ऋषिकेश निवासी रीना ने नंदा-सुनंदा योजना के तहत आर्थिक सहायता दिलाने का अनुरोध किया।

ग्राम पंचायत रामपुर कलां में पंचायत भवन की खाली भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर जिला पंचायत राज अधिकारी को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत चान्जोई में बहुउद्देशीय भवन निर्माण की मांग पर प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।

चकराता क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुनैन के ग्राम सैंज में दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त नहर की सुरक्षा दीवार एवं गूल की मरम्मत की मांग पर ओसी कलेक्ट्रेट को मौके पर जांच कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक प्रकरण में गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई दीक्षांत गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी शशि कांत गिरी, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला सूचना अधिकारी, देहरादून।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *