कांग्रेस नेताओं ने की कुंभ निर्माण कार्यो में पारदर्शिता की मांग
हरिद्वार। कांग्रेस नेताओं ने कुंभ मेला निर्माण कार्यो में पारदर्शिता की मांग की है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी के संयोजन में कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने कुंभ मेलाधिकारी सोनिका से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान मनोज सैनी एवं सोम त्यागी ने कुंभ निर्माण कार्यो में पारदार्शिता के साथ पूर्व विधायक अंबरीष कुमार एवं राज्य आंदोलनकारियों के नाम पर घाट घोषित करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला सनातन संस्कृति की पहचान है। करोड़ों श्रद्धालु कुंभ मेले में शामिल होते हैं। इसलिए स्थाई निर्माण कार्य अधिक कराए जाएं। जिससे लंबे समय तक स्थानीय नागरिकों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पारदर्शिता के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य किए जाएं। मनोज सैनी ने कहा कि निर्माण कार्यों से पूर्व जन प्रतिनिधियों से भी राय ली जाए। जिससे निर्माण कार्य बेहतर तरीके से हो सकें। उन्होंने पार्किंग, अस्पताल जैसी सुविधाओं वाले निर्माण पर विशेष ध्यान देने और निर्माण कार्यों को बाद में तोड़ने जैसी स्थिति उत्पन्न ना हो, इसका ध्यान रखने की अपील भी की। इस दौरान पहाड़ी महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास, सोम त्यागी, विवेक त्यागी आदि मौजूद रहे।