*सुमननगर की गलियों से जल निकासी तीन माध्यमों से लगातार हो रही पानी की निकासी*
*सुमन नगर की 1, 2, 4 व 5 की गलियां हुईं जलमुक्त, बंद गली संख्या 3 में जल निकासी का कार्य जारी*
*जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में निरन्तर सम्बन्धित विभागों द्बारा किया जा रहा है जल निकासी का कार्य*
*हरिद्वार। लगातार बारिश के चलते ग्राम सुमननगर में हुए जलभराव को लेकर जिला प्रशासन द्वारा जल निकासी का कार्य लगातार गतिमान हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला आपदा प्रबंधन विभाग सहित तहसील प्रशासन, सिंचाई, पंचायत विभाग और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें लगातार मौके पर मौजूद रहकर जल निकासी का कार्य कर रही हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि 1 सितंबर से लगातार हो रही वर्षा के कारण सुमननगर की गलियों में जलभराव हो गया था। जिसमें दिनांक 1 सितम्बर 2026 से आज दिनांक तक लगातार जल निकासी के लिए पंप सेट, टैंकर, ट्रैक्टर और ट्रैक्टर पंप सेट लगा कर जल निकासी की जा रही हैं। इसके साथ ही जेसीबी की मदद से बन्दा नंबर-2 को काटकर तथा सुमननगर से लगी सुखी नदी तक अस्थायी नाली बनाकर पानी की निकासी की गई।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में बन्दा संख्या 1, 2, 4 और 5 की जलभराव प्रभावित गलियों से पानी की निकासी कर दी गई है, जबकि बन्दा संख्या-3 की गलियों में जल निकासी का कार्य जारी है। राहत की बात यह है कि सुमननगर में किसी भी आवासीय मकान में जलभराव नहीं है और केवल गलियों में पानी जमा हुआ था।

प्रशासन द्वारा जल निकासी के लिए सक्शन मशीन, पंप सेट और जेसीबी मशीनों के माध्यम से तीन स्तरों पर कार्य किया जा रहा है। सक्शन मशीनों से पानी खींचा जा रहा है, पंप सेट के जरिए जलभराव वाले स्थानों से पानी बाहर निकाला जा रहा है तथा जेसीबी से नालियों की खुदाई एवं सफाई कर जल निकासी के मार्ग को सुचारु किया जा रहा है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, कानूनगो, तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, पंचायत विभाग, आरकेओ सहित संबंधित विभागों की टीमें मौके पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।