राजनीतिक विरोध के नाम पर परिवार, आस्था और सनातन परंपरांओं को निशाना बना रही कांग्रेस-नवीन ठाकुर
हरिद्वार, 3 अक्टूबर। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने कांग्रेस पर राजनीतिक विरोध के नाम पर परिवार, आस्था और सनातन परंपराओं को राजनीति का हिस्सा बनाए जाने का आरोप लगाया है। प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए नवीन ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति अब दिवंगत परिजनों और सनातन आस्थाओं को निशाना बनाने तक पहुंच चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता के खिलाफ भी अभद्र टिप्पणियां की गई है। अब प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वर्गीय पिता के श्राद्ध पर टिप्पणी की गई है। जो कि कांग्रेस की ओछी राजनीति को दर्शाता है। श्रद्धा पूर्वजों के स्मरण, तर्पण का पवित्र संस्कार है। इस पर टीका टिप्पणी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मोहब्बत की बात करती है। लेकिन भाजपा के परिवार के लोगों पर अभद्र टिप्पणियां करती है। सेना अपमान भी लगातार किया जा रहा है। नवीन ठाकुर ने कहा कि 2017 में कांग्रेस के नेता द्वारा तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के लिए भी अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया था। देवभूमि के वीर सपूतों पर भी टीका टिप्पणी की जाती है। उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस की राजनीति पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सत्ता पाने के लिए गलत बयानबाजी कर देश की जनता को गुमराह किया जा रहा है। प्रैसवार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विकास तिवारी, धर्मेंद्र चौहान, डा.विशाल गर्ग, विनीत जोली, राहुल चौहान, तरुण नैय्यर आदि सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।