
आरकेएसके के तहत किशोर स्वास्थ्य दिवस पर किया आयोजन

पोस्टर स्पर्धा में वंशिका, निबंध प्रतियोगिता में सिद्धिका रहीं अव्वल
रंगों से सजे पोस्टर और शब्दों में उभरे संदेशों के जरिए छात्राओं ने एचपीवी टीकाकरण की अहमियत बताई। किसी ने अपनी कल्पना को चित्रों में उतारा, तो किसी ने निबंध के माध्यम से समझाया कि एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करने में किस तरह महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। चिल्ड्रन एकेडमी इंटर कॉलेज, अगस्त्यमुनि में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत आयोजित पोस्टर और निबंध प्रतियोगिता के जरिए छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत आयोजित किशोर स्वास्थ्य दिवस पर “एचपीवी टीकाकरण क्यों जरूरी है” विषय पर पोस्टर व निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में वंशिका, आरूषि, श्रेया, दृष्टि व आरूषि ने क्रमशः पहला, दूसर, तीसरा, चौथा व पांचवा स्थान हाासिल किया। वहीं, निबंध प्रतियोगिता में सिद्धिका, प्रियांशी, प्रिया, श्रुति, स्नेहा ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ व पंचम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में विजेता प्रतिभागियों को पुरूस्कृत किया गया। इस मौके पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डाॅ. हेमा असवाल ने सर्वाइकल कैंसर के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा में होने वाला कैंसर है, बताया एचपीवी टीकाकरण इस जोखिम को कम करने का महत्वपूर्ण उपाय है, उन्होंने एचपीवी टीकाकरण के महत्व पर जोर देते हुए छात्राओं को इससे जुड़ी भ्रांतियों से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के संबंध में किसी भी तरह की शंका होने पर अपुष्ट जानकारियों पर भरोसा करने के बजाय स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों से जानकारी लेनी चाहिए।
कार्यक्रम में छात्राओं ने भी सर्वाइकल कैंसर और टीकाकरण से जुड़े सवाल पूछे, जिनका डॉ. असवाल ने जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और जरूरी जानकारी परिवार व अन्य लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य हरिपाल कंडारी ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयों में स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होने से छात्र-छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारियां मिलती हैं। किशोरावस्था में स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी मिलना जरूरी है, ताकि विद्यार्थी अपने स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रहें और जरूरत पड़ने पर उचित सलाह ले सकें। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय स्वाथ्य मिशन के सौजन्य से विजेता प्रतिभागियों को पुरूस्कृत किया गया।
इस मौके पर एएनएम विजया आर्य, परामर्शदाता जयदीप कुमार, आशा फैसिलिटेटर आशा पुरोहित और विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।
