*बरसूड़ी में आयोजित हुआ ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम, ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं*

*मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने सुनीं जनसमस्याएं, मौके पर किया शिकायतों का निस्तारण*

जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड अगस्त्यमुनि के राजकीय इंटर कॉलेज बरसूड़ी में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी श्री राजेद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया।

कार्यक्रम में ग्रामीण सुरेंद्र सिंह ने अपने घर में ‘हर घर जल, हर नल’ योजना के तहत पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग रखी। ग्राम प्रधान धारकोट-बरसूड़ी आशीष चमोला ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय बरसूड़ी के पुराने भवन के ध्वस्तीकरण की मांग उठाई। वहीं, ग्रामीण मधु देवी ने गौरा कन्याधन योजना की धनराशि प्राप्त न होने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई। ग्राम पंचायत पीपली के ग्राम प्रधान हरि दयाल ने स्यालखेत से पीपली पाटा तक सड़क निर्माण का मामला अधिकारियों के समक्ष रखा।

*विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी*

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं और पात्रता के संबंध में भी अवगत कराया।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इस पहल से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है, ताकि ग्रामीणों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, पात्र व्यक्तियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि सिंह नेगी, ग्राम प्रधान बरसूड़ी आशीष चमोला, राजकीय इंटर कॉलेज बरसूड़ी के प्रधानाचार्य एस.एस. धीवान, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, जिला पंचायत राज अधिकारी प्रेम सिंह रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल, ग्रामीण निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता मीनल गुलाटी, सहायक संभागीय अधिकारी धर्मेंद्र बिष्ट, जिला कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, खंड विकास अधिकारी सुरेश साह तथा खाकरा रेंज की रेंजर आयुषी पेटवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *