रेलवे स्टेशन एवं बस अड्डा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में कार्रवाई तेज, डिवाइडर कटों पर लगाए गए बैरिकेड

त्योहारी सीजन में बढ़ती भीड़ एवं यातायात दबाव को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर संयुक्त निरीक्षण की संस्तुतियों का क्रियान्वयन शुरू, सड़क पर सवारी बैठाने एवं उतारने वाले ऑटो-विक्रम के विरुद्ध भी कार्रवाई जारी

हरिद्वार,  सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने अवगत कराया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में रेलवे स्टेशन एवं बस अड्डा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने तथा आमजन को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से संयुक्त निरीक्षण में की गई संस्तुतियों पर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। विशेष रूप से त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही तथा यातायात के अतिरिक्त दबाव को देखते हुए इन व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जा रहा है, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसी क्रम में रेलवे स्टेशन के गेट संख्या 2 एवं गेट संख्या 6 के मध्य स्थित डिवाइडर कटों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है, ताकि वाहनों द्वारा अनावश्यक यू-टर्न एवं विपरीत दिशा में आवागमन को रोका जा सके। इस व्यवस्था का उद्देश्य क्षेत्र में यातायात को एक दिशा में संचालित करना तथा रेलवे स्टेशन एवं बस अड्डे के आसपास लगने वाले जाम को कम करना है।

देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौक तक नो ई-रिक्शा जोन प्रस्तावित

संयुक्त निरीक्षण की प्रमुख संस्तुतियों में देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौक तक के मार्ग को नो ई-रिक्शा जोन घोषित किया जाना शामिल है। इस संबंध में आवश्यक आदेश जारी किए जाने की कार्यवाही पुलिस विभाग के स्तर पर प्रक्रियाधीन है।

इस व्यवस्था के लागू होने से रेलवे स्टेशन एवं बस अड्डे के सामने मुख्य मार्ग पर ई-रिक्शा के अनियंत्रित आवागमन को रोकने तथा यातायात को सुचारु बनाने में सहायता मिलेगी।

चार ANPR कैमरे लगाने का प्रस्ताव

क्षेत्र में यातायात नियमों के उल्लंघन की प्रभावी निगरानी के लिए चार ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाए जाने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।

इन कैमरों की स्थापना से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान एवं उनके विरुद्ध कार्रवाई में सहायता मिलेगी।

ऑटो-विक्रम के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई तेज

रेलवे स्टेशन एवं बस अड्डा क्षेत्र में निर्धारित स्थानों के अतिरिक्त सड़क पर सवारियां बैठाने एवं उतारने वाले ऑटो तथा विक्रम वाहनों के विरुद्ध लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है।

क्षेत्र में पुलिस कर्मियों की तैनाती के साथ ही परिवहन विभाग की मोबाइल प्रवर्तन टीमें नियमित रूप से निरीक्षण कर रही हैं। त्योहारी सीजन में यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रवर्तन एवं निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त, प्रस्तावित नो ई-रिक्शा जोन में यातायात प्रतिबंधों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु 6 होमगार्ड जवानों की तैनाती का प्रस्ताव भी दिया गया है, जिससे प्रतिबंध लागू होने के उपरांत नियमित निगरानी एवं प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

चरणबद्ध तरीके से लागू होंगी अन्य व्यवस्थाएं

संयुक्त निरीक्षण में रेलवे स्टेशन के गेट संख्या 2 से वाहनों के प्रवेश तथा गेट संख्या 6 से निकास की व्यवस्था, निर्धारित स्थानों पर ही सवारियों को बैठाने एवं उतारने तथा यातायात के व्यवस्थित संचालन सहित अन्य सुझाव भी दिए गए हैं।

इन संस्तुतियों के क्रियान्वयन के लिए पुलिस, परिवहन विभाग, नगर निगम एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

जिला प्रशासन का उद्देश्य रेलवे स्टेशन एवं बस अड्डा क्षेत्र में स्थायी, सुरक्षित एवं सुचारु यातायात व्यवस्था विकसित करना है, जिससे स्थानीय नागरिकों, यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से राहत मिल सके। साथ ही त्योहारी सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों द्वारा निरंतर निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने सभी ऑटो, विक्रम एवं ई-रिक्शा चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित स्थानों पर ही सवारियां बैठाएं एवं उतारें तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *