कुंभ-2027 की तैयारियों का मंडलायुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

सड़कों, पुलों और घाटों के निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता, श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर दिन-रात काम करने के निर्देश

बिटुमिन की आपूर्ति के लिए इंडियन ऑयल के अधिकारियों से वार्ता, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने के लिए थर्ड पार्टी टीम की नियमित उपलब्धता पर जोर

हरिद्वार, कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए निर्माण कार्यों को पूरी तेजी से संचालित करने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में मंडलायुक्त श्री आनंद स्वरूप ने गुरुवार देर सायं मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सड़कों, पुलों और घाटों से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में देरी अथवा गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यदायी संस्थाओं के जिम्मेदार अधिकारी नियमित रूप से कार्यस्थलों पर मौजूद रहकर निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और श्रमिकों की तैनाती की निगरानी सुनिश्चित करें।

मंडलायुक्त ने कहा कि कुंभ की तैयारियों से जुड़े किसी भी अधिकारी का अवकाश मेलाधिकारी की संस्तुति के बिना स्वीकृत नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, पीआईयू लोनिवि, पेयजल निगम और एचआरडीए को आवंटित कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए प्रमुख परियोजनाओं पर दिन-रात काम जारी रखने तथा कार्यस्थलों पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।

सड़कों के डामरीकरण में प्रयुक्त होने वाले बिटुमिन की आपूर्ति में विलंब का मामला सामने आने पर मंडलायुक्त ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने कुंभ से जुड़े सड़क निर्माण कार्यों की आवश्यकता को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर बिटुमिन उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने कुंभ क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़कों को सुचारु और व्यवस्थित बनाने के साथ ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की परियोजनाओं को भी कुंभ से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर जाने वाले पैदल मार्गों का निर्माण शीघ्र पूरा करने पर भी जोर दिया।

समीक्षा बैठक से पहले मंडलायुक्त ने पंतद्वीप में उत्तर हरकी पैड़ी पुनर्विकास परियोजना के अंतर्गत यूआईआईडीबी द्वारा कराए जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ ही सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्माण की गुणवत्ता की नियमित जांच के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण टीम की कार्यस्थल पर नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा।

मंडलायुक्त ने बैरागी कैंप में स्थापित होने वाले कुंभ शिविरों और उनसे जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिविर स्थलों की समुचित सफाई और भूमि समतलीकरण के साथ ही सड़कों, बिजली, पेयजल तथा अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जलापूर्ति के लिए बनाए गए टैंकों और अन्य संरचनाओं की बेहतर सफाई कराने तथा पानी की गुणवत्ता और उपयुक्तता की प्रयोगशाला से जांच कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शिविर स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त रखी जाएं।

मंडलायुक्त ने कनखल में एचआरडीए द्वारा कराए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए भवनों के अग्रभाग (फसाड) को आकर्षक और टिकाऊ ढंग से विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रंगों के चयन और संयोजन में एकरूपता बनाए रखने पर जोर दिया। झंडा चौक, कनखल में सुधार कार्यों तथा बंगाली मोड़ पर फुटपाथ निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने इन्हें शीघ्र पूरा करने और गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

इसके बाद मंडलायुक्त ने सिंहद्वार से अमरापुर घाट के बीच चल रहे घाट निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने गंग नहर बंदी की अवधि का उपयोग करते हुए घाटों के निर्माण और अनुरक्षण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही घाटों पर स्नानार्थियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध करने तथा निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

मंडलायुक्त ने कहा कि कुंभ-2027 से जुड़ी सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करना संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए विभागीय समन्वय, नियमित निगरानी और कार्यस्थलों पर प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से तैयार हो सकें।

बैठक में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी श्री आकाश जोशी एवं श्री मनजीत सिंह, विशेषज्ञ समन्वयक श्री गंगा प्रसाद पंत, अधीक्षण अभियंता सिंचाई श्री मनोज कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री डीपी सिंह, अधीक्षण अभियंता टेक्निकल सेल श्री मनोज भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed