
एकलव्य आवासीय विद्यालय खटीमा एवं बाजपुर में “सुरक्षित बचपन अभियान” के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

उधम सिंह नगर 26 अक्टूबर 2026 को एकलव्य आवासीय विद्यालय, खटीमा एवं बाजपुर में “सुरक्षित बचपन अभियान” के अंतर्गत बाल यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो एक्ट) के संबंध में जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन की समन्वयक चांदनी रावत एवं केस वर्कर पूजा सरकार द्वारा छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण, पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श तथा बच्चों के साथ होने वाले यौन अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
इस दौरान बच्चों को किसी भी प्रकार के शोषण, दुर्व्यवहार अथवा उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहने तथा अपने अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित विभाग को इसकी जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बच्चों को आपातकालीन सहायता एवं सुरक्षा के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी गई।
अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, बाल यौन अपराधों की रोकथाम तथा सुरक्षित वातावरण के प्रति सजग बनाना रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
