*कुंभ-2027 की तैयारियों को समयबद्ध गति देने के लिए निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण*

*मेलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे अवस्थापना विकास कार्यों का लिया जायजा, गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश*

*प्रशासनिक रोड और चंडी चौक के पास डबल लेन अंडरपास का निर्माण तेजी से पूरा करने पर जोर, प्रतिदिन के कार्यों का चार्ट तैयार करने के निर्देश*

*हरिद्वार, 27 अक्टूबर 2026*

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को निर्धारित समयसारिणी के अनुसार पूरा करने के लिए मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी तेज कर दी है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देशन में विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का लगातार जायजा लिया जा रहा है, ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरे होने के साथ ही उनकी गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जा सके। इसी क्रम में मंगलवार को मेलाधिकारी ने कुंभ क्षेत्र के विभिन्न निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मेलाधिकारी ने शंकराचार्य चौक, कनखल सहित विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे अवस्थापना विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने चौराहों और सड़कों के सुधार, सौंदर्यीकरण, फुटपाथ निर्माण, पेयजल व्यवस्था तथा घाटों के निर्माण सहित श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कार्यों की प्रगति का मौके पर जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। निर्माण कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और आवागमन को भी ध्यान में रखा जाए, ताकि कुंभ के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

देर शाम मेलाधिकारी ने प्रशासनिक रोड परियोजना का निरीक्षण किया। इसके साथ ही चंडी चौक के निकट बन रहे डबल लेन अंडरपास के निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। कुंभ मेला संचालन, प्रशासनिक गतिविधियों और भीड़ प्रबंधन की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए उन्होंने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मेलाधिकारी ने कहा कि परियोजना के अंतर्गत आगामी अवधि में प्रतिदिन किए जाने वाले कार्यों की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके लिए पर्ट चार्ट बनाकर प्रस्तुत किया जाए, ताकि कार्यों की समयबद्ध प्रगति का आकलन किया जा सके और निर्धारित समयसीमा के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना को हर हाल में तय समय के भीतर पूरा किया जाना आवश्यक है।

मेलाधिकारी ने चंडी चौक के सुधार कार्यों तथा इस क्षेत्र से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन के चौड़ीकरण की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने एनएच एआई के अधिकारियों को इन कार्यों में तेजी लाते हुए इन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान यातायात के सुचारु संचालन और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए सड़क सुधार से जुड़ी परियोजनाओं को समय पर पूरा करना महत्वपूर्ण है।

निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *