कुंभ-2027: भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने पर जोर

मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने अधिकारियों के साथ पंतद्वीप, रोड़ी-बेलवाला और चंडी चौक क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

बारिश के बीच भी जारी रही तैयारियों की समीक्षा, मौके पर ही तय किए गए सुधार और व्यवस्थाओं से जुड़े जरूरी कदम

हरिद्वार, कुंभ-2027 के आयोजन को लेकर हरिद्वार में तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगमता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही भीड़ प्रबंधन की चुनौतियों से निपटने के लिए मेला प्रशासन व्यवस्थाओं को समय रहते चाक-चौबंद करने में जुटा है। इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने गुरुवार को जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत सिंह भुल्लर, अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के साथ ही प्रमुख मार्गों, पुलों, घाटों और भीड़ की आवाजाही से जुड़े बिंदुओं की पड़ताल की गई। अधिकारियों ने मौके पर ही आवश्यक सुधार कार्यों और व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श कर महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

बारिश के बीच चले इस निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी अपनी कार्ययोजनाओं और तैयारियों के साथ मौजूद रहे। खुद मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका भी निरीक्षण के दौरान अपने लैपटॉप पर तैयारियों की समीक्षा और विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़ी कार्ययोजनाओं को डिजिटल प्रारूप में परखती और दर्ज करती रहीं।

पंतद्वीप क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन के लिए सुधार के निर्देश

अधिकारियों की टीम ने सबसे पहले कांगड़ा पुल और संजय पुल के संगम के निकट पंतद्वीप की नोज वाले क्षेत्र का निरीक्षण किया। कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस क्षेत्र में मार्गों और प्लेटफॉर्म की स्थिति का जायजा लिया गया। मेलाधिकारी और जिलाधिकारी ने यहां आवश्यक सुधार कार्य कराने तथा आवाजाही को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में अनुपयोगी और क्षतिग्रस्त पोल हटाने, खंभों एवं पेड़ों से लटक रहे तारों, रस्सियों और अन्य अनावश्यक सामग्री को हटाने पर जोर दिया गया। साथ ही घाटों और प्लेटफॉर्म को सुव्यवस्थित रखने तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने घाटों और पुलों के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने को कहा, ताकि कुंभ के दौरान इस क्षेत्र में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

रोड़ी-बेलवाला और चंडी पुल के कार्यों की समीक्षा

इसके बाद अधिकारियों ने रोड़ी-बेलवाला क्षेत्र में निर्माणाधीन प्रशासनिक मार्ग का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। चंडी पुल पर बन रहे डबल लेन अंडरपास की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कुंभ के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में इस कार्य के महत्व को देखते हुए अधिकारियों को इसे निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

चंडी चौक से वाल्मीकि चौक तक यातायात सुधार पर जोर

निरीक्षण के दौरान चंडी चौक से वाल्मीकि चौक की ओर जाने वाली सड़क पर चल रहे चौड़ीकरण और सुधार कार्यों की भी समीक्षा की गई। यह क्षेत्र यातायात और पैदल आवाजाही की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सड़क सुधार के कार्यों में तेजी लाते हुए ऐसे सभी जरूरी उपाय सुनिश्चित किए जाएं, जिनसे यातायात का संचालन सुचारु रहे और पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में असुविधा न हो। इस कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया गया।

कुंभ-2027 की तैयारियों के तहत मेला प्रशासन निर्माण कार्यों की प्रगति के साथ ही उनसे जुड़ी व्यवस्थाओं की भी लगातार निगरानी कर रहा है। स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से समस्याओं की पहचान कर मौके पर समाधान के निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित आवागमन की सुविधा मिल सके।

निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी श्री मनजीत सिंह, पीआईयू के अधिशासी अभियंता श्री प्रवीण कुश, यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक श्री आशीष भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *