मसूरी विन्टरलाईन कार्निवाल-2026 को भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन शुरू की तैयारियां

डीएम डॉ0 आशीष चौहान की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में बैठक, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता एवं पर्यटकों की सुविधाओं पर विशेष फोकस

ऐतिहासिक स्मारकों एवं भवनों का सौन्दर्यीकरण कर कार्निवाल कार्यक्रमों से जोड़ने के निर्देश, पर्यटकों को मसूरी एवं राज्य के इतिहास, लोक परम्परा, संस्कृति से रूबरू कराने पर जोर
देहरादून, दिनांक 29 अक्टूबर 2026 (सूवि)। मसूरी विन्टरलाईन कार्निवाल-2026 को भव्य, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्निवाल की तैयारियों, विभिन्न व्यवस्थाओं एवं आयोजन से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मसूरी विन्टरलाईन कार्निवाल-2026 के आयोजन को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि कार्निवाल के दौरान मसूरी में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, सौन्दर्यीकरण, सड़क व्यवस्था एवं पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि मसूरी विन्टरलाईन कार्निवाल केवल मनोरंजन का आयोजन न होकर पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय संस्कृति एवं ऐतिहासिक विरासत को देश-विदेश तक पहुंचाने तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आय के अवसर सृजित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस दृष्टिगत कार्निवाल की गतिविधियों को इस प्रकार नियोजित किया जाए कि पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ ही मसूरी की विशिष्ट पहचान एवं ऐतिहासिक महत्व का भी प्रचार-प्रसार हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मसूरी के ऐतिहासिक स्मारकों एवं भवनों का सौन्दर्यीकरण करते हुए ऐसे महत्वपूर्ण स्थलों को कार्निवाल की कार्यक्रम श्रृंखला से जोड़ा जाए। इन स्थानों पर आकर्षक एवं क्षेत्रीय इतिहास, परम्परा, लोककला, स्थानीय व्यंजन पर आधारित कार्यक्रम,  आयोजित किए जाएं, जिससे मसूरी आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को यहां की ऐतिहासिक,        सांस्कृतिक विरासत संबंधी जानकारी प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि मसूरी की ऐतिहासिक पहचान को कार्निवाल की गतिविधियों के माध्यम से प्रदर्शित करने से पर्यटकों का अनुभव और अधिक समृद्ध होगा तथा शहर की विरासत को नई पहचान मिलेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि मसूरी विन्टरलाईन कार्निवाल-2026 को और अधिक आकर्षक एवं प्रभावी बनाने के लिए देश के अन्य पर्यटन क्षेत्रों में सफलतापूर्वक आयोजित कार्निवाल एवं पर्यटन महोत्सवों का अध्ययन किया जाए। वहां की बेहतर व्यवस्थाओं, नवाचारों एवं सफल गतिविधियों को मसूरी की स्थानीय परिस्थितियों एवं विशेषताओं के अनुरूप कार्निवाल में शामिल करने की संभावनाओं पर कार्य किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन की प्रत्येक गतिविधि में गुणवत्ता, समन्वय एवं पर्यटकों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मसूरी विन्टरलाईन कार्निवाल एक रोजगारपरक एवं पर्यटन संवर्धन से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। इससे मसूरी में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय होटल व्यवसायियों, व्यापारियों, परिवहन सेवा प्रदाताओं, स्थानीय कलाकारों एवं अन्य संबंधित लोगों के लिए रोजगार और आय अर्जन के अवसर बढ़ते हैं। पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि का सकारात्मक प्रभाव प्रदेश की आर्थिकी पर भी पड़ता है। इसलिए आयोजन को इस प्रकार तैयार किया जाए कि इसका लाभ स्थानीय लोगों एवं राज्य की अर्थव्यवस्था तक प्रभावी रूप से पहुंचे। उन्होंने कहा कि कार्निवाल के कार्यक्रम पर्यटकों के मनोरंजन, स्थानीय लोगों की सहभागिता, रोजगार एवं आय के अवसरों तथा मसूरी और उत्तराखण्ड के इतिहास एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रचार-प्रसार को ध्यान में रखकर आयोजित किए जाएं। सभी विभाग निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि मसूरी विन्टरलाईन कार्निवाल-2026 को सफल, सुरक्षित, आकर्षक एवं पर्यटक हितैषी बनाया जा सके।
बैठक में अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मसूरी श्रीमती मीरा सकलानी, संयुक्त मजिस्ट्रेट मसूरी राहुल आनंद, मुख्य कोषाधिकारी नीतू भण्डारी, पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, उप नगर आयुक्त गौरव कुमार, अध्यक्ष होटल एसोसिएशन संदीप साहनी, सचिव होटल एसोसिएशन अजय भार्गव, जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान, पुलिस क्षेत्राधिकारी जगदीश पंत, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रत्नाकर सिंह, नायब तहसीलदार उपेन्द्र सिंह राणा, लोक निर्माण विभाग से दीपक कुमार, पेयजल निगम से भीम निराला, आईटीबीपी से अजय प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *