मौसम विभाग के अलर्ट के दृष्टिगत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को सतर्क रहने के दिए निर्देश

नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर एवं चमोली में ऑरेंज अलर्ट, अन्य जनपदों में येलो अलर्ट जारी

आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और राहत-बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों के लिए जारी ऑरेंज एवं येलो अलर्ट के दृष्टिगत शासन एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए सभी जनपदों में आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियां पूरी रखी जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 30 अक्टूबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर एवं चमोली जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि एवं झोंकेदार हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना के दृष्टिगत ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल एवं चंपावत में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना भी व्यक्त की गई है। प्रदेश के अन्य जनपदों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों को मौसम सामान्य होने तक नियंत्रित रखा जाए। संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर यातायात को नियंत्रित किया जाए। किसी भी सड़क के बाधित होने की स्थिति में संबंधित विभाग तत्काल मार्ग खोलने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा प्रबंधन की आईआरएस प्रणाली के अंतर्गत नामित अधिकारी एवं विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहें। राजस्व, ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहें। पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन एवं अन्य बचाव दल आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रहें।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि भारी बारिश एवं खराब मौसम के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित की जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेते हुए समय रहते सभी एहतियाती कदम उठाए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाई जा सके।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *