मुख्यमंत्री ने उत्तरांचल प्रेस क्लब के दीपावली महोत्सव में किया प्रतिभाग, पत्रकारों को दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री की दो महत्वपूर्ण घोषणाएं : तहसील, जिला एवं प्रदेश स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाई जाएगी, पत्रकार पेंशन की राशि में भी होगी वृद्धि

लोकतंत्र को सशक्त बनाने और सरकार तक जनसमस्याएं पहुंचाने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका : मुख्यमंत्री

पत्रकारों के हितों और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है राज्य सरकार

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित दीपावली महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी पत्रकारों एवं प्रेस क्लब के सदस्यों को दीपावली की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकाश पर्व दीपावली सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए, यही उनकी कामना है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तहसील, जिला एवं राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही पत्रकार पेंशन की राशि में भी वृद्धि की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के साथ ही समाज और सरकार के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। पत्रकार न केवल आम जनता को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी देते हैं, बल्कि जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को भी सरकार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में पत्रकारों की सक्रिय और रचनात्मक भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है। इससे सरकार और प्रशासन को यह समझने में सहायता मिलती है कि विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों का धरातल पर क्या प्रभाव पड़ रहा है। पत्रकारों से मिलने वाले सुझाव और फीडबैक शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने में सहायक होते हैं। उन्होंने देवर्षि नारद की संवाद परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि पत्रकार अपने दायित्वों का समर्पण और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में सूचना और संचार के माध्यमों में तेजी से बदलाव आया है। डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और नई तकनीकों ने पत्रकारिता के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं पैदा की हैं। वहीं फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं का प्रसार भी एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है। ऐसे में तथ्यों की पुष्टि कर सही, सटीक और निष्पक्ष जानकारी जनता तक पहुंचाने में पत्रकारों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। विश्वसनीय पत्रकारिता समाज को भ्रमित होने से बचाने के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों को भी मजबूती प्रदान करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की समस्याओं और उनके हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय सुविधाओं के लिए विभिन्न स्तरों पर कदम उठाए गए हैं। मान्यता प्राप्त पत्रकारों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ ही वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान और उनके सामाजिक सुरक्षा संबंधी हितों का भी ध्यान रखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पत्रकार पेंशन में पूर्व में भी वृद्धि की गई है। इसके अतिरिक्त पत्रकार कल्याण कोष की धनराशि 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पत्रकारों को अपने दायित्वों के निर्वहन में आवश्यक सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को जनसंचार के क्षेत्र में भी एक मजबूत पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मीडिया सेंटरों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने और प्रेस क्लबों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के कल्याण और उनकी व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए सरकार आगे भी सकारात्मक कदम उठाती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में पत्रकारों के सुझाव और रचनात्मक सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर पत्रकारों का सहयोग आगे भी इसी प्रकार मिलता रहेगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास, महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री अजय सिंह राणा, महामंत्री श्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष श्री मनीष डंगवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकारगण उपस्थित थे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *