*मुख्यमंत्री ने नौवें जौनपुर महोत्सव का किया शुभारंभ, 52.55 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास*

*30.50 करोड़ रुपये से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा 22.04 करोड़ रुपये से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास*

*जौनपुर क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने कीं महत्वपूर्ण घोषणाएं, थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा*

*लोक संस्कृति के संरक्षण के साथ पर्यटन, कृषि और स्वरोजगार को बढ़ावा देना राज्य सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री*

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र धनौल्टी के अंतर्गत थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ₹52.55 करोड़ की 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹3050.63 लाख की 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹2204.62 लाख की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। ये योजनाएं सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण, शिक्षा, सिंचाई, पार्किंग, पशुपालन तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से संबंधित हैं। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को जौनपुर महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत के संरक्षण एवं संवर्धन के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इनके माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। साथ ही खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए जौनपुर महोत्सव समिति के प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है। उत्तराखण्ड के युवा भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार टिहरी एवं आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। लगभग ₹1300 करोड़ की लागत से टिहरी झील एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष पर्यटक क्षेत्र विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है, जिससे पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि टिहरी झील को साहसिक पर्यटन एवं वाटर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में सड़क एवं पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए अनेक कार्य किए गए हैं। कैम्पटी-चड़ोगी मोटर मार्ग पर भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग ₹6 करोड़ की लागत से सुरक्षा उपचार कार्य पूर्ण कराया गया है। इसी प्रकार ₹10 करोड़ से अधिक की लागत से कैम्पटी-चड़ोगी हल्का वाहन मोटर मार्ग के परिवर्तन एवं डामरीकरण का कार्य भी पूर्ण किया गया है। पर्यटकों की सुविधा के लिए कद्दूखाल में ₹8 करोड़ से अधिक की लागत से वाहन पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए पर्यटन, कृषि, उद्यानिकी, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। एक जनपद, दो उत्पाद जैसी पहलों के साथ ही हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड ने अपनी शुरुआत से अब तक ₹6 करोड़ से अधिक की बिक्री का आंकड़ा पार किया है। यह प्रदेश की मातृशक्ति, किसानों और स्थानीय उत्पादकों के परिश्रम तथा उनके उत्पादों की गुणवत्ता का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति, होमस्टे और वेड इन उत्तराखण्ड जैसी पहलों से स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। राज्य सरकार के प्रयासों से रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में ही रोजगार एवं स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराकर गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। सरकार शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केदारखंड एवं मानसखंड के प्रमुख मंदिरों के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखना भी आवश्यक है। राज्य सरकार उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने विकल्प रहित संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण की स्वीकृति देने, जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए ₹273 लाख तथा भवन बाजार के आबादी वाले क्षेत्र की सुरक्षा के लिए ₹4 करोड़ 72 लाख की स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं डामरीकरण से संबंधित मांगपत्रों पर विचार करने के उपरांत उन्हें घोषणाओं में शामिल करने की बात भी कही।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील कृषक श्री कबूल चंद पुंडीर द्वारा कृषि एवं उद्यानिकी के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने सेब मिशन के अंतर्गत सेब उत्पादन के साथ अदरक, कीवी, केसर, पुष्प, आलू एवं रोजमैरी जैसी फसलों की खेती के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों को प्रेरणादायी बताया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार श्री देवेन्द्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण एवं महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों के अनुवाद के माध्यम से साहित्य एवं लोकभाषा के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया। इस अवसर पर महोत्सव समिति के अध्यक्ष श्री वीरेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र तथा कार्यक्रम अध्यक्ष श्री सुरेंद्र रावत ने स्मृति चिह्न भेंट किया।

स्थानीय विधायक श्री प्रीतम सिंह पंवार ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं स्वीकृत कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जौनपुर क्षेत्र में कृषि, उद्यानिकी एवं पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। इन क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सीता पंवार ने भी क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विभिन्न स्थानीय आवश्यकताओं से अवगत कराया।

इस अवसर पर राज्य मंत्री श्रीमती गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री उदय रावत, पूर्व विधायक श्री महावीर रांगड़, नगर पालिका मसूरी की अध्यक्ष श्रीमती मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष श्री मनमोहन मल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, जौनपुर महोत्सव समिति के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *