
*रुद्रप्रयाग में 56364 बच्चे खाएंगे कृमि नाशक दवा*

*932 स्कूल व कॉलेज तथा 692 आंगनबाड़ी केंद्रों में खिलाई जाएगी दवा*
*18 नवंबर को होगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, 25 नवंबर को होगा मॉप अप डे*
जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा के निर्देशन व स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में आगामी 18 नवंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोयजन किया जाएगा। इस अवसर पर 1-19 वर्ष आयु वर्ग के 56364 बच्चों को कृमि नाशक दवा ‘‘एल्वेंडाजॉल‘‘ खिलाए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. पारूल गोयल ने बताया कि 18 नवंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन की तैयारियां पूरी कर दी गई हैं। बताया कि राष्ट्रीय कृमि दिवस के मौके पर जनपद में 932 स्कूलों सहित समस्त शिक्षण संस्थानों एवं 692 आंगनबाड़ी केंद्र में 01 से 19 आयु वर्ग के 56364 बच्चों को कृमिनाशक दवा ‘‘एल्वेंडाजॉल‘‘ की दवा खिलाई जाएगी।
उन्होंने शिक्षा विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग व बाल विकास विभाग के साथ-साथ निजी स्कूलों के प्रबंधक/संचालकों से अपने संस्थान में लक्षित आयु वर्ग के सभी बच्चों को कृमि नाशक दवा खिलवाकर उक्त अभियान को सफल बनाने की अपील करते हुए बताया कि कृमि मुक्ति दिवस पर किसी कारण कृमि नाशक दवा खाने से छूटे लक्षित आयु वर्ग के बच्चों को 25 नवंबर को होने वाले एनडीडी मॉप अप डे पर कृमि नाशक दवा खिलाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि कृमि बच्चों के शरीर में महत्वपूर्ण पोषक तत्वों को खा लेते है, जिससे बच्चों के शरीर में खून की कमी, कुपोषण और उनकी वृद्धि और विकास में रूकावट आ जाती है। नतीजतन बच्चों की सेहत, शिक्षा और कार्यक्षमता पर हानिकारक प्रभाव पड़ सकता हैं। बताया कि कृमि नाशक दवा खाने से रोग प्रतिरोधक शक्ति में वृद्धि होती है, स्वास्थ्य और पोषण में सुधार होने के साथ-साथ एनीमिया में नियंत्रण आदि फायदे होते हैं।
कृमि नाशक दवा एल्बेडाजौल गोली की खुराक व सेवन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 1-2 आयु के बच्चों को आधी गोली दो चम्मच के बीच रखकर पूरी तरह चूरा कर खिलाएं, 2-3 वर्ष के बच्चों को एक पूरी गोली को दो चम्मच के बीच रखकर पूरी तरह से चूरा कर खिलाएं तथा 3-19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पूरी गोली चबाकर खाने की सलाह के साथ खिलाएं।
