कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन की मुहिम तेजी से जारी, स्थाई और अस्थाई कार्यों को तय समय में पूरा करने के निर्देश

मेलाधिकारी सोनिका ने कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, दिन-रात कार्य करने और श्रमिकों की संख्या बढ़ाने को कहा

सात अस्थाई कोर एरिया पार्किंग का निर्माण तत्काल शुरू कराने के निर्देश, सड़कों व निर्माण स्थलों से मलबा न हटाने में पर होगी सख्त कार्रवाई

हरिद्वार में बनाए जा रहे 19 अस्थाई पुल, अस्थाई विद्युतीकरण के लिए लगाए जा रहे तीन हजार से अधिक विद्युत पोल

हरिद्वार, कुंभ मेला-2027 के दिव्य एवं भव्य आयोजन के लिए हरिद्वार में अंतिम दौर की तैयारियां अब और तेज कर दी गई हैं। कुंभ नगरी को सुव्यवस्थित, सुसज्जित और बेहतर सुविधाओं सम्पन्न बनाने के लिए मेला प्रशासन ने स्थाई निर्माण कार्यों के साथ ही अस्थाई व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर विशेष जोर दिया है। मेला क्षेत्र के सभी सेक्टरों में आधारभूत सुविधाओं, शिविर स्थलों, संपर्क मार्गों, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक कार्यों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने सोमवार को सीसीआर सभागार में कुंभ मेला-2027 से जुड़े विभिन्न विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने विभागवार निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी स्थाई एवं अस्थाई कार्य निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ लक्ष्य के अनुरूप कार्य करना सुनिश्चित करें।

मेलाधिकारी ने कहा कि जिन निर्माण स्थलों पर कार्य पूरा हो चुका है अथवा अंतिम चरण में है, वहां से निर्माण सामग्री और मलबा तत्काल हटाया जाए। कार्य पूरा होने के बाद स्थल को साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित बनाने की जिम्मेदारी भी संबंधित कार्यदायी संस्था की होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़कों अथवा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर निर्माण सामग्री और मलबा पाए जाने पर संबंधित संस्था के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए मेलाधिकारी ने आवश्यकतानुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाने तथा दिन-रात कार्य संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला प्रशासन एवं सेक्टरों में अस्थाई व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए तैनात अधिकारियों को रात के समय भी निर्माण स्थलों और विभिन्न सेक्टरों का स्थलीय निरीक्षण करने को कहा। अधिकारी स्थाई एवं अस्थाई कार्यों की वास्तविक प्रगति का जायजा लेकर नियमित रूप से रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे, ताकि कमियों को तत्काल दूर कराते हुए कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराया जा सके।

मेलाधिकारी ने सभी सेक्टरों में शिविरों की स्थापना और उनके लिए जरूरी आधारभूत सुविधाओं का कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर स्थलों पर बिजली, पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता समय रहते सुनिश्चित की जाए। शिविर स्थलों की ड्रेसिंग एवं लेवलिंग का कार्य बेहतर ढंग से कराया जाए, जिससे वहां समुचित व्यवस्थाएं विकसित की जा सकें। इसके साथ ही अस्थाई पुलों और संपर्क मार्गों का निर्माण भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कुंभ क्षेत्र में प्रस्तावित सात अस्थाई कोर एरिया पार्किंग का निर्माण तत्काल शुरू कराने तथा सभी अस्थाई कार्य तय समय के भीतर पूर्ण करने को कहा। मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। इनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा समझौता किए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अधिकारियों ने अवगत कराया कि कुंभ मेला व्यवस्थाओं के लिए हरिद्वार में कुल 19 अस्थाई पुलों का निर्माण कराया जा रहा है। अस्थाई विद्युतीकरण के अंतर्गत तीन हजार से अधिक विद्युत पोल लगाए जा रहे हैं। विभिन्न सेक्टरों में शिविर स्थलों के समतलीकरण एवं साफ-सफाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इन स्थलों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए अस्थाई सड़कों के निर्माण और पेयजल लाइनों को बिछाने का कार्य भी प्रगति पर है।

बैरागी कैंप, गौरीशंकर, दक्षद्वीप और पंतद्वीप सहित प्रमुख सेक्टरों में अधिकांश कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं। इन क्षेत्रों में टेंट एवं शौचालयों की स्थापना का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। मेला प्रशासन द्वारा इन सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं संत-महात्माओं को आवश्यक सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध कराई जा सकें।

बैठक में अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, एचआरडीए के सचिव प्रत्यूष सिंह, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह, टेक्निकल सेल के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *