उत्तराखण्ड में स्व-गणना का शुभारंभ, 16 नवम्बर से 30 नवम्बर, 2026 तक प्रदेशवासियों को मिलेगी स्व-गणना की सुविधा

– राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन द्वारा स्व-गणना कर इस अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया

– जनगणना के प्रति नागरिकों को जागरूक करने तथा स्व-गणना प्रक्रिया के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से एलईडी प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण अर्थात् जनसंख्या गणना के अंतर्गत उत्तराखण्ड राज्य में दिनांक 16 नवम्बर, 2026 से स्व-गणना की प्रक्रिया का शुभारंभ हो गया है। इस अवसर पर सर्वप्रथम राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन द्वारा स्व-गणना कर इस अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात् मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा भी स्व-गणना की गई। इसके अतिरिक्त जनगणना मंत्री श्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी एवं श्रीमती रेखा आर्य द्वारा भी स्व-गणना कर जनगणना अभियान में सहभागिता की गई।

इस अवसर पर जनगणना के प्रति आमजन को जागरूक करने तथा स्व-गणना प्रक्रिया के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से एलईडी (LED) प्रचार वाहनों को जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखण्ड की निदेशक श्रीमती इवा आशीष श्रीवास्तव द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखण्ड के संयुक्त निदेशक श्री शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक श्री परवीन कुमार, उप निदेशक श्री आर.के. बनवारी एवं सहायक निदेशक श्री संजीव कुमार भी उपस्थित रहे।

स्व-गणना की सुविधा प्रदेशवासियों के लिए कुल 15 दिनों तक अर्थात् 16 नवम्बर से 30 नवम्बर, 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इस अवधि में प्रदेशवासी आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार एवं आवास से संबंधित जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। यह सुविधा प्रदेशवासियों को अपनी सुविधानुसार घर बैठे स्व-गणना करने का अवसर प्रदान करती है।जिन प्रदेशवासियों द्वारा स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है, उनसे विशेष अपील है कि वे स्व-गणना के उपरांत प्राप्त अपनी विशिष्ट स्व-गणना आईडी (SE ID) को सुरक्षित रखें तथा दिनांक 01 दिसम्बर, 2026 से 04 जनवरी, 2027 के मध्य जब प्रगणक उनके घर आएं, तो उन्हें अपनी SE ID अवश्य उपलब्ध कराएं, ताकि उनके द्वारा ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जा सके। जिन परिवारों द्वारा निर्धारित अवधि में स्व-गणना नहीं की गई होगी, उनकी जानकारी प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज की जाएगी।
जनगणना-2027 देश की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है। अतः समस्त प्रदेशवासियों से अपील है कि वे निर्धारित 15 दिवसीय अवधि के भीतर स्व-गणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा इसके पश्चात् घर आने वाले प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना-2027 के सफल संचालन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *