*✨वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर परमार्थ निकेतन भावपूर्ण श्रद्धाजंलि*

*✨“रानी लक्ष्मीबाई केवल भारत के स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना नहीं, बल्कि नारी शक्ति, आत्मसम्मान, अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति की अमर प्रतीक हैं”*

ऋषिकेश, 19 नवम्बर। भारत माता की वीर, पराक्रमी और अमर संतानों में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई का नाम स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उनकी जयंती के पावन अवसर पर परमार्थ पीठाधीश्वर, पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का जीवन साहस, स्वाभिमान, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रप्रेम की ऐसी अमर गाथा है, जो युगों-युगों तक भारत की संतानों को प्रेरित करती रहेगी।

पूज्य स्वामी जी ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई भारत की आत्मा में जीवंत एक विचार हैं। उन्होंने अपने अदम्य साहस, अद्भुत शौर्य और अटूट आत्मविश्वास से यह सिद्ध किया कि जब हृदय में मातृभूमि के प्रति प्रेम और संकल्प में दृढ़ता हो, तब बड़ी से बड़ी चुनौती भी मनुष्य के साहस को परास्त नहीं कर सकती।

उन्होंने कहा कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी रानी लक्ष्मीबाई ने अपने कर्तव्य, आत्मसम्मान और स्वाभिमान से कभी समझौता नहीं किया। विदेशी हुकूमत के विरुद्ध उनका संघर्ष केवल सत्ता या अधिकारों की लड़ाई नहीं था, बल्कि यह भारत की अस्मिता, स्वतंत्रता और स्वाभिमान की रक्षा का महान संकल्प था। उनका जीवन हमें संदेश देता है कि राष्ट्र के सम्मान और अपने सिद्धांतों की रक्षा के लिए साहसपूर्वक खड़े होना ही सच्ची देशभक्ति है।

पूज्य स्वामी जी ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का व्यक्तित्व नारी शक्ति की अद्भुत अभिव्यक्ति है। उन्होंने उस समय अपनी वीरता और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया, जब नारियों के लिए सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में अनेक सीमाएँ थीं। उन्होंने अपने शौर्य से उन सभी सीमाओं को चुनौती दी और यह संदेश दिया कि नारी केवल परिवार और समाज की आधारशिला ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, नेतृत्व, सुरक्षा और परिवर्तन की भी सशक्त शक्ति है।

उन्होंने कहा कि आज जब भारत विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है, तब रानी लक्ष्मीबाई जैसी वीरांगनाओं के जीवन से प्रेरणा लेना अत्यंत आवश्यक है। विशेषकर देश की बेटियों को उनके जीवन से आत्मविश्वास, निर्भीकता, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के गुण ग्रहण करने चाहिए। बेटियाँ किसी से कम नहीं हैं। उन्हें अवसर, संस्कार और विश्वास मिले तो वे प्रत्येक क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर सकती हैं।

पूज्य स्वामी जी ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति में नारी को शक्ति, सृजन, करुणा और चेतना का स्वरूप माना गया है। माँ दुर्गा, माँ सरस्वती और माँ लक्ष्मी के रूप में नारी शक्ति की आराधना करने वाली हमारी संस्कृति हमें यह संदेश देती है कि समाज में महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। रानी लक्ष्मीबाई का जीवन इसी शक्ति और स्वाभिमान का जीवंत उदाहरण है।

पूज्य स्वामी जी ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि इतिहास केवल पढ़ने के लिए नहीं, बल्कि उससे प्रेरणा लेकर वर्तमान को बेहतर बनाने और भविष्य का निर्माण करने के लिए होता है। हमें ऐसा भारत बनाना है जहाँ हर बेटी निर्भय होकर अपने सपनों को साकार कर सके, हर युवा राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझे, हर नागरिक में सेवा का भाव हो और समाज का प्रत्येक वर्ग एकता, समरसता और सद्भाव के सूत्र में बंधा हो। यही रानी लक्ष्मीबाई के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

पूज्य स्वामी जी ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का जीवन हमें यह संदेश देता है कि परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, आत्मविश्वास, साहस और संकल्प के साथ आगे बढ़ने वाला व्यक्ति इतिहास रच सकता है।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *