सार्वजनिक परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन एवं सतत विकास पर हो रहा वैश्विक अनुभवों का आदान-प्रदान

देहरादून में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन

प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने किया शुभारंभ

उत्तराखण्ड में आधारभूत संरचनाओं एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों के प्रभावी, कुशल और सतत प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार से देहरादून में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पीयर लर्निंग कार्यशाला (International Peer Learning Workshop on Infrastructure Asset Management for Sustainable Development) का शुभारंभ हो गया है। सेतु आयोग की ओर से आयोजित यह कार्यशाला 21 नवंबर तक चलेगी।

यह कार्यशाला संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक एवं सामाजिक मामलों के विभाग (United Nations Department of Economic and Social Affairs – UN DESA) तथा भारत में उसके सहयोगी संस्थानों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। इसमें उत्तराखण्ड सहित भारत के विभिन्न राज्यों तथा एशिया व अफ्रीका के अन्य देशों के स्थानीय शासन एवं सरकारी अधिकारी और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ प्रतिभाग कर रहे हैं।

कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि प्रमुख सचिव नियोजन डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि उत्तराखण्ड के आर्थिक विकास, बेहतर कनेक्टिविटी, पर्यटन को बढ़ावा देने और जनसामान्य तक सार्वजनिक सेवाओं की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने में आधारभूत संरचनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में लगभग ₹18,153 करोड़ का पूंजीगत परिव्यय राज्य सरकार की अवसंरचना विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हालांकि, अब आवश्यकता केवल नई परिसंपत्तियों के निर्माण तक सीमित रहने की नहीं, बल्कि उनके दीर्घकालिक रखरखाव, संरक्षण और स्थायित्व को भी सुनिश्चित करने की है।

उन्होंने कहा कि Infrastructure Asset Management (IAM) के प्रभावी क्रियान्वयन से सरकारी निवेश का संरक्षण, सार्वजनिक परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग, उनकी उपयोग अवधि में वृद्धि तथा रखरखाव एवं प्रतिस्थापन की लागत में कमी लाई जा सकती है। किसी भी अवसंरचना की वास्तविक सफलता का आकलन केवल उसके निर्माण से नहीं, बल्कि उससे मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता, निरंतरता और विश्वसनीयता के आधार पर किया जाना चाहिए।

प्रमुख सचिव ने कहा कि उत्तराखण्ड की पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियां, दूर-दराज स्थित बस्तियां तथा भूस्खलन, बाढ़, अत्यधिक वर्षा और भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाएं अवसंरचना के प्रबंधन को चुनौतीपूर्ण बनाती हैं। ऐसे में परिसंपत्ति प्रबंधन की रणनीति में आपदा जोखिम आकलन और जलवायु अनुकूलता को अनिवार्य रूप से शामिल करना आवश्यक है, ताकि सार्वजनिक परिसंपत्तियां अधिक सुरक्षित, टिकाऊ और भविष्य की चुनौतियों के प्रति सक्षम बन सकें।

वर्ष 2025 की कार्यशाला के वर्क प्लान पर चर्चा
उत्तराखण्ड सरकार द्वारा Infrastructure Asset Management (IAM) को सरकारी नियोजन एवं विकास प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल के अंतर्गत वर्ष 2025 में 13 से 17 अक्टूबर तक देहरादून में पहली अंतरराष्ट्रीय पीयर लर्निंग कार्यशाला आयोजित की गई थी। उत्तराखण्ड सरकार, UN DESA तथा सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी एंड गुड गवर्नेस (CPPGG) के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में सार्वजनिक परिसंपत्ति प्रबंधन के सिद्धांतों, प्रक्रियाओं एवं व्यावहारिक पहलुओं पर अधिकारियों को परिचित कराया गया था।

इस कार्यशाला में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की टीमों द्वारा छह Asset Management Action Plans (AMAPs) विकसित किए गए। वर्तमान कार्यशाला में इन्हीं छह कार्ययोजनाओं को आधार बनाकर उनके क्रियान्वयन, व्यावहारिक चुनौतियों और आवश्यक संस्थागत व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।

कार्ययोजना से क्रियान्वयन की ओर बढ़ते कदम
कार्यशाला में बताया गया कि विभिन्न देशों के प्रतिभागी अपने अनुभवों के माध्यम से यह साझा करेंगे कि किस प्रकार प्रभावी संस्थागत व्यवस्था, तकनीकी क्षमता, वित्तीय संसाधन, बेहतर आंकड़ा प्रबंधन तथा विभागीय समन्वय के जरिए सार्वजनिक परिसंपत्तियों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सकता है।

कार्यशाला में अपर सचिव श्री आशीष श्रीवास्तव, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. मनोज कुमार पंत, डॉ. डेनियल प्लॉट्ज सहित नेपाल, श्रीलंका, भूटान, केन्या, घाना देशों के प्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *