केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें अधिकारी – त्रिवेंद्र सिंह रावत

सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक आयोजित

जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी एवं परिवहन विभाग के प्रयासों की सांसद ने की सराहना

हरिद्वार, जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद हरिद्वार एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में कुंभ मेला नियंत्रण भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन, जनसमस्याओं के समाधान तथा विकास कार्यों में तेजी लाने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं केवल आंकड़ों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका प्रत्यक्ष लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाएं, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं पोषण अभियान सहित विभिन्न केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने योजनावार उपलब्धियों, निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत की।
सांसद श्री रावत ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके अधीन संचालित सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करते हुए दिसंबर माह के अंत तक सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि जनवरी माह से प्रारंभ होने वाले कुंभ मेले के दृष्टिगत श्रद्धालुओं एवं तीर्थयात्रियों के सुगम आवागमन के लिए सड़क मार्गों को सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि कुंभ मेले का सफलतापूर्वक आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
सांसद श्री रावत ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों का चिन्हीकरण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा योजनाओं से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन योजनाओं से वंचित पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश भी दिए।
जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सांसद श्री रावत ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं परिवहन विभाग के प्रयासों की सराहना की तथा अन्य विभागों द्वारा भी संचालित योजनाओं का ठीक ढंग से संचालन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशन में परिवहन विभाग द्वारा विगत तीन माह से निरंतर चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इन प्रयासों के फलस्वरूप जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में बेहतर कार्य हुआ है। इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी एवं परिवहन विभाग की प्रशंसा की।
उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को योजना से जोड़कर लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, विद्युत आपूर्ति में सुधार, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा, सिंचाई व्यवस्था तथा अन्य स्थानीय समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सांसद ने संबंधित अधिकारियों को इन सभी विषयों पर प्राथमिकता एवं समयबद्धता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद में संचालित विभिन्न केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत करते हुए सांसद को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का संबंधित विभागीय अधिकारियों से शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी विभागों के साथ नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति की निरंतर निगरानी की जा रही है।
बैठक में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, महापौर श्रीमती किरण जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विधायक हरिद्वार ग्रामीण श्रीमती अनुपमा रावत, विधायक झबरेड़ा वीरेंद्र कुमार जाति, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अनिल वर्मा, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत सहित दिशा समिति के सदस्य, नगर निकायों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *