भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर निर्णायक कार्रवाई कर रही धामी सरकार

ऊपर से लेकर निचले स्तर के कर्मचारियों तक कार्रवाई से स्पष्ट हुआ सरकार का संदेश

विजिलेंस को भ्रष्टाचारियों के खिलाफ स्वतंत्र कार्रवाई की छूट, 1064 ऐप से आम जनता को मिला शिकायत का प्रभावी माध्यम

भ्रष्टाचार में शामिल किसी को बख्शा नहीं जाएगा: मुख्यमंत्री

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी दृढ़ता से काम कर रही है। प्रदेश में ईमानदार, पारदर्शी और जवाबदेह शासन व्यवस्था स्थापित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भ्रष्टाचार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विजिलेंस को भ्रष्टाचार के मामलों में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई की पूरी छूट दी गई है। सरकार का स्पष्ट संदेश है कि भ्रष्टाचार चाहे किसी भी स्तर पर हो, उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता को मजबूत करने की दिशा में लगातार कदम उठाए हैं। भ्रष्टाचार के मामलों में केवल छोटे कर्मचारियों ही नहीं, बल्कि वरिष्ठ अधिकारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है। इससे स्पष्ट है कि सरकार की नीति में पद, प्रतिष्ठा और प्रभाव के आधार पर कोई भेदभाव नहीं है।

धामी सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के विरुद्ध सतर्कता विभाग की कार्रवाई में तेजी आई है। रिश्वतखोरी, आय से अधिक संपत्ति और सरकारी कार्यों में अनियमितताओं से जुड़े मामलों में विजिलेंस द्वारा जांच और कार्रवाई की गई है। ट्रैप कार्रवाई के माध्यम से रिश्वत लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, विभिन्न मामलों में विभागीय कार्रवाई और निलंबन जैसे कदम भी उठाए गए हैं।

बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई से दिया स्पष्ट संदेश

सरकार ने भ्रष्टाचार के मामलों में वरिष्ठ अधिकारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई करने में संकोच नहीं किया है। हरिद्वार नगर निगम के भूमि घोटाले में आईएएस और पीसीएस अधिकारियों सहित कई अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। आय से अधिक संपत्ति के मामले में आईएएस अधिकारी राम विलास यादव के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में खरीद से जुड़ी अनियमितताओं तथा उत्तराखण्ड परिवहन निगम में भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी कार्रवाई की गई। इन मामलों से सरकार ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई में किसी प्रकार का दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।

1064 ऐप से आम नागरिकों को मिली शिकायत की सुविधा

भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में सतर्कता विभाग का 1064 ऐप आम नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरा है। इस ऐप के जरिए नागरिक रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें सीधे दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त शिकायतों का परीक्षण कर विजिलेंस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाती है, जबकि अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजा जाता है। इससे शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया अधिक सुगम और सुलभ हुई है तथा आम नागरिकों की भागीदारी भी बढ़ी है।

विजिलेंस को मजबूत करने पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए विजिलेंस विभाग को आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। भ्रष्टाचार के मामलों में जांच के साथ-साथ न्यायालयों में प्रभावी पैरवी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिल सके। सरकार का प्रयास है कि भ्रष्टाचार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई हो, जिससे शासन-प्रशासन में पारदर्शिता और आम जनता का विश्वास और मजबूत हो।

मुख्यमंत्री ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी सरकारी कार्य के एवज में रिश्वत की मांग करता है अथवा अपने पद का दुरुपयोग करता है, तो इसकी सूचना निर्भीक होकर सतर्कता विभाग को दें। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह अभियान केवल सरकार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा संकल्प होना चाहिए। जनसहयोग से ही भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी उत्तराखण्ड के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *