मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत को दी ₹165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं की सौगात, 21 योजनाओं का किया लोकार्पण एवं 33 का शिलान्यास।

टनकपुर एवं बनबसा में ₹86.83 करोड़ की लागत से विकसित होगी आधुनिक जल निकासी व्यवस्था, जलभराव की समस्या का होगा स्थायी समाधान।

माँ पूर्णागिरि धाम में ₹45 करोड़ की लागत से रोपवे निर्माण और टनकपुर में ₹237.74 करोड़ से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण गतिमान।

सीमांत क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं को मिलेगा विस्तार, लोहाघाट में ₹256.97 करोड़ से बन रहा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज।

सरकारी योजनाओं से आत्मनिर्भर बने पांच उत्कृष्ट लाभार्थियों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित, आदर्श चम्पावत के संकल्प को साकार करने पर दिया जोर।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जनपद चम्पावत में ₹165.68 करोड़ की लागत की 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹16,567.56 लाख की लागत की 21 योजनाओं का लोकार्पण तथा 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पांच उत्कृष्ट लाभार्थियों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत की पावन धरती पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि आदर्श चम्पावत के संकल्प, प्रतिबद्धता और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन योजनाओं से जनपद में सड़क, जल निकासी, नागरिक सुविधाओं, पर्यटन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने टनकपुर एवं बनबसा क्षेत्र की जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ₹86.83 करोड़ की लागत से स्वीकृत जल निकासी योजना को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसके अंतर्गत टनकपुर में लगभग 21 किलोमीटर से अधिक तथा बनबसा में लगभग 7.7 किलोमीटर लंबाई में नालियों एवं जल निकासी व्यवस्था का निर्माण और सुधार किया जाएगा। इससे दोनों क्षेत्रों में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर और बनबसा उत्तराखण्ड एवं नेपाल के बीच व्यापार, आवागमन, पर्यटन तथा सांस्कृतिक संबंधों के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इन क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत शारदा घाट के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रथम चरण में ₹107.35 करोड़ की परियोजना पर कार्य गतिमान है। इस कॉरिडोर की समग्र परियोजना की लागत ₹3,000 करोड़ से अधिक है।

उन्होंने कहा कि माँ पूर्णागिरि धाम में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगभग ₹45 करोड़ की लागत से रोपवे निर्माण का कार्य प्रगति पर है। ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम जाने वाले मुख्य मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण के लिए ₹48.38 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही बनबसा में भारत सरकार की लगभग ₹502 करोड़ की लागत वाली लैंड पोर्ट परियोजना से सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार, आवागमन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद के पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लोहाघाट में ₹256.97 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इससे पर्वतीय क्षेत्र की बेटियों को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा निखारने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के अवसर प्राप्त होंगे। इसी प्रकार लगभग ₹55.53 करोड़ की लागत से विज्ञान केंद्र (साइंस सेंटर) की स्थापना तथा लगभग ₹20 करोड़ की लागत से 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ गांवों, सीमांत क्षेत्रों और दूरस्थ इलाकों तक पहुंचे। चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने के लिए सुनियोजित ढंग से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। आदर्श चम्पावत की परिकल्पना केवल एक जनपद के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आदर्श उत्तराखण्ड के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उसका लाभ आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए।

*मुख्यमंत्री ने पांच उत्कृष्ट लाभार्थियों को किया सम्मानित*

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले जनपद के पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया। इनमें ग्राम बस्टिया, टनकपुर के श्री त्रिलोक सिंह सामंत को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, ग्राम गुदमी, बनबसा की श्रीमती लक्ष्मी देवी को महिला बकरी पालन योजना, ग्राम उचोलीगोठ की श्रीमती पूजा महर को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम बिचई के श्री रोहित चंद को कृषि कवच (चैनलिंक फेंसिंग) तथा ग्राम गुदमी के श्री आनंद प्रसाद को स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना और उसे आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इन लाभार्थियों की सफलता अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोविन्द सामंत, पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष एवं प्रदेश मंत्री श्री निर्मल मेहरा, विभिन्न दर्जा राज्य मंत्री, जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी श्री के.एन. गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *