मोरी के पवाणी गांव में अग्निकांड प्रभावित क्षेत्र का माननीय आपदा प्रबंधन मंत्री श्री मदन कौशिक ने किया हेली सर्वेक्षण

प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमें मौके पर तैनात

राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही

पीडब्ल्यूडी ने बनाया अस्थायी हेलीपैड

माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जनपद उत्तरकाशी की तहसील मोरी क्षेत्रांतर्गत ग्राम पवाणी में हुए अग्निकांड के बाद राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है। बुधवार को माननीय आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री श्री मदन कौशिक ने प्रभावित क्षेत्र का हेलीकॉप्टर के माध्यम से हेली सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से राहत एवं पुनर्वास कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान मा0 उपाध्यक्ष श्री विनय रुहेला तथा सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन भी उपस्थित रहे।
मा0 मंत्री श्री मदन कौशिक ने बताया कि अग्निकांड की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं सहायता कार्य शुरू कर दिए गए। जिलाधिकारी उत्तरकाशी सहित पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन, पेयजल, विद्युत, पशुपालन, स्वास्थ्य विभाग, एंबुलेंस तथा जिला पूर्ति विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा अस्थायी हेलीपैड का निर्माण किया गया है। गांव में सामुदायिक किचन की व्यवस्था कर प्रभावित परिवारों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति को सुचारु रखा गया है। प्रभावित परिवारों के लिए गांव के प्राथमिक विद्यालय में स्टोर रूम को राहत सामग्री के भंडारण तथा आवश्यकतानुसार शेल्टर के रूप में उपयोग किए जाने की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों की आवश्यकता के अनुसार अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।
प्रभावित परिवारों की तत्काल आवश्यकताओं को देखते हुए राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इसमें कंबल, जैकेट, गमछे, टेंट, बर्तन सेट, गैस चूल्हे, हाइजीन किट, बाल्टी, गद्दे, बेडशीट, तकिया, कंबल एवं टॉर्च सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है। इसके अतिरिक्त तहसील मोरी की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए चावल, आटा, दाल, तेल, चीनी, चायपत्ती, साबुन, मसाले, नमक, आलू, सोयाबड़ी तथा तिरपाल आदि आवश्यक खाद्य एवं राहत सामग्री की व्यवस्था की गई है।

 

मंत्री जी ने दिए आवश्यक निर्देश
हेली सर्वेक्षण के दौरान माननीय आपदा प्रबंधन मंत्री श्री मदन कौशिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक राहत उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा, भोजन, पेयजल, आवासीय व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का निरंतर आकलन करने तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त राहत सामग्री एवं अन्य संसाधनों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। माननीय मंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार आपदा एवं दुर्घटना की प्रत्येक परिस्थिति में प्रभावित लोगों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के साथ-साथ आगे की आवश्यक कार्रवाई भी नियमानुसार सुनिश्चित की जाएगी।

प्रभावित क्षेत्र में लगातार निगरानी
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने बताया कि प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्र में स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित विभागों की टीमें मौके पर मौजूद हैं तथा राहत कार्यों के साथ-साथ प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवस्थाएं की जा रही हैं। राज्य आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग द्वारा भी जिला प्रशासन के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत, सुरक्षित वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *