*बच्चों को सिर्फ आधुनिक शिक्षा नहीं, अपनी माटी की कहानियां, लोकगीत और लोरियां भी सुनाइए -बंशीधर तिवारी*

*चंद्रकुंवर बर्त्वाल की कविताओं में आज भी जीवित है पहाड़, प्रकृति और लोक संस्कृति की आत्मा- बंशीधर तिवारी*

*बंशीधर तिवारी के संबोधन में दिखी उत्तराखंड की भाषा, लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक अस्मिता को बचाने की गहरी चिंता*

*‘हिम किरीटिनी-2026’ स्मारिका का भव्य विमोचन समारोह आयोजित*

देहरादून में शनिवार को चंद्रकुंवर बर्त्वाल शोध संस्थान मसूरी एवं द हिल्स ऑफ मसूरी की ओर से प्रकाशित स्मारिका ‘हिम किरीटिनी-2026’ का विमोचन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि अपर सचिव मुख्यमंत्री एवं महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने शिरकत की और स्मारिका का विमोचन किया। इस अवसर पर साहित्य, संस्कृति एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का आयोजन ऑफिसर्स ट्रांजिट हॉस्टल, रेसकोर्स में किया गया। समारोह के आयोजक एवं द हिल्स ऑफ मसूरी के संपादक शूरवीर सिंह भंडारी ने अतिथियों का स्वागत किया।

अपने सम्बोधन में अपर सचिव मुख्यमंत्री, महानिदेशक सूचना, उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी ने कहा हिमवंत कवि चंद्रकुंवर बर्त्वाल का साहित्य केवल कविता और शब्दों का संसार नहीं है, बल्कि उसमें उत्तराखंड के पहाड़, नदियां, झरने, प्रकृति, लोकजीवन और पर्वतीय संस्कृति की जीवंत तस्वीर दिखाई देती है। अल्पायु में ही साहित्य जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले चंद्रकुंवर बर्त्वाल ने अपनी रचनाओं के माध्यम से ऐसी विरासत छोड़ी है, जो आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने का काम करती रहेगी।

अपने संबोधन में बंशीधर तिवारी ने कहा कि सामान्यतः व्यक्ति जीवन के अंतिम पड़ाव में हताशा और निराशा से घिर सकता है, लेकिन चंद्रकुंवर बर्त्वाल को जीवन के अंतिम समय तक भी किसी प्रकार की निराशा ने स्पर्श नहीं किया। वह अंतिम समय तक सृजन करते रहे। उनकी कविताओं के कारण आज भी पहाड़ जीवित है, नदियां और झरने जीवित हैं तथा उत्तराखंड का भौगोलिक स्वरूप और पर्वतीय संस्कृति साहित्य के माध्यम से संरक्षित है।

उन्होंने कहा कि चंद्रकुंवर बर्त्वाल प्रकृति के अद्भुत कवि थे। उनकी कविताओं में जीवन का दर्शन भी दिखाई देता है और संघर्ष की प्रेरणा भी। उनका जीवन इस बात का उदाहरण है कि किसी व्यक्ति की महानता उसकी उम्र से नहीं, बल्कि उसके विचारों, कर्मों और समाज पर छोड़े गए प्रभाव से तय होती है।

बंशीधर तिवारी ने कहा कि एक प्रसिद्ध संवाद है—’जिंदगी लंबी नहीं, बड़ी होनी चाहिए।’ इतिहास में अनेक ऐसी महान विभूतियां हुई हैं, जिन्होंने बहुत कम उम्र में अपने असाधारण व्यक्तित्व और कृतित्व से दुनिया को प्रभावित किया। चंद्रकुंवर बर्त्वाल, आदि शंकराचार्य और स्वामी विवेकानंद इसके उदाहरण हैं। इन विभूतियों ने अल्पायु में ही उल्का की तरह चमककर अपनी अमिट छाप छोड़ी। चंद्रकुंवर बर्त्वाल का साहित्य भी इसी असाधारण सृजनशीलता का परिचायक है।

*पाठ्यक्रम में शामिल है चंद्रकुंवर बर्त्वाल की जीवनी*

चंद्रकुंवर बर्त्वाल के साहित्य को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए सूचना महानिदेशक ने बताया कि उनकी जीवनी को उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत से संबंधित पुस्तक ‘हमारी विरासत’ में स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब वह शिक्षा विभाग के महानिदेशक थे, उस समय मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप उत्तराखंड की संस्कृति, महान विभूतियों और राज्य आंदोलन के इतिहास को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की पहल की गई थी।

इसी क्रम में तैयार की गई ‘हमारी विरासत’ पुस्तक में चंद्रकुंवर बर्त्वाल का विस्तृत जीवन परिचय शामिल किया गया है। यह पुस्तक शैक्षणिक सत्र 2025-26 से पाठ्यक्रम में लागू है। इसका उद्देश्य बच्चों को प्रदेश की महान साहित्यिक और सांस्कृतिक विभूतियों से परिचित कराना है, ताकि वे अपनी विरासत को समझें और उस पर गर्व कर सकें।

*लोक संस्कृति का संरक्षण ही नहीं, संवर्धन भी जरूरी*

उत्तराखंड की लोकभाषा और लोक संस्कृति के संरक्षण पर चर्चा करते हुए बंशीधर तिवारी ने कहा कि संस्कृति केवल बोली और भाषा तक सीमित नहीं है। इसमें लोकगीत, लोकगायन, लोककथाएं, लोकव्यंजन, खानपान, पारंपरिक परिधान और जीवनशैली सहित अनेक तत्व शामिल हैं। इन सभी का संरक्षण और संवर्धन जरूरी है। उन्होंने संस्कृति और सभ्यता के अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा कि किसी भी समाज की संस्कृति उसकी आत्मा होती है, जबकि सभ्यता उसका शरीर है। संस्कृति अमूर्त होती है और सभ्यता मूर्त। सभ्यता समय के साथ बदलती रहती है, लेकिन संस्कृति विचारों और मूल्यों के रूप में पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि उनके पिता कुर्ता-धोती पहनते थे, जबकि आज वह पैंट-शर्ट पहनते हैं। पहनावा बदल गया, लेकिन उनके पिता के विचार और संस्कार आज भी उनके भीतर मौजूद हैं। यही संस्कृति की वास्तविक शक्ति है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और मूल्य आने वाली पीढ़ियों तक निरंतर पहुंचते रहें।

*फिल्म नीति से लोकभाषा के सिनेमा को मिला प्रोत्साहन*

बंशीधर तिवारी ने बताया कि उत्तराखंड की लोकभाषाओं और संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए सरकारी स्तर पर भी कई प्रयास किए गए हैं। शिक्षा नीति के तहत प्राथमिक शिक्षा में स्थानीय मातृभाषा को महत्व दिया गया है। वहीं, उत्तराखंड की नई फिल्म नीति में भी लोकभाषा और स्थानीय संस्कृति को विशेष स्थान दिया गया है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की लोकभाषा में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए मिलने वाली सब्सिडी की राशि 25 लाख रुपये से बढ़ाकर दो करोड़ रुपये की गई। इसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है और पिछले दो वर्षों में 40 से अधिक गढ़वाली फिल्मों का निर्माण हुआ है। उन्होंने गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह फिल्म उत्तराखंड के महत्वपूर्ण पारंपरिक वाद्य यंत्र ढोल और उससे जुड़ी सांस्कृतिक परंपरा पर आधारित है। फिल्म की पूरी कहानी ढोली के इर्द-गिर्द बुनी गई है। उन्होंने बताया कि इस फिल्म को लगभग दो माह पूर्व राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह उत्तराखंड की लोक संस्कृति और क्षेत्रीय सिनेमा के लिए गौरव की बात है। बंशीधर तिवारी के अनुसार, किताबों, फिल्मों और शैक्षणिक पाठ्यक्रमों के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के प्रयास हो रहे हैं, लेकिन केवल सरकारी योजनाओं से संस्कृति को जीवित नहीं रखा जा सकता। इसके लिए उसे आम जनजीवन का हिस्सा बनाना होगा।

*इगास, हरिला और फूलदेई के साथ विवाह परंपराओं को भी बचाने की जरूरत*

उन्होंने कहा कि इगास, हरियाला और फूलदेई जैसे पर्व धीरे-धीरे समाज में फिर से अपनी जगह बना रहे हैं। लोग इन त्योहारों को उत्साह के साथ मना रहे हैं, जो सकारात्मक संकेत है। लेकिन इसके साथ ही लोकभाषा, लोकनृत्य, लोकगायन और पारंपरिक रीति-रिवाजों को भी बचाना जरूरी है। उन्होंने चिंता जताई कि उत्तराखंड की पारंपरिक शादियों में निभाई जाने वाली अनेक रस्में और उनके निर्धारित क्रम अब धीरे-धीरे कम होते जा रहे हैं। पहले विवाह समारोह में अलग-अलग रस्मों का एक विशेष क्रम होता था, जिसे परिवार और समाज मिलकर निभाते थे। अब इन परंपराओं को अपेक्षित महत्व नहीं दिया जा रहा है। यदि यही स्थिति रही तो आने वाले समय में ये परंपराएं धीरे-धीरे विलुप्त हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि फिल्मों के माध्यम से इन परंपराओं को दर्ज करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा सकता है। विवाह की रस्मों से लेकर लोकजीवन की छोटी-छोटी परंपराओं को दृश्य माध्यमों में सहेजना जरूरी है, ताकि बच्चे उन्हें देखकर समझ सकें और अपनी संस्कृति से जुड़ सकें। यदि समाज अपनी सांस्कृतिक विरासत को बचाने के लिए इसे जनआंदोलन का रूप दे, तो इन परंपराओं को फिर से जीवंत किया जा सकता है।

*बच्चों को लोकगीत, लोरियां और लोककथाएं सुनाना भी जरूरी*

अपने व्यक्तिगत अनुभव को साझा करते हुए बंशीधर तिवारी ने बताया कि वह एक निजी विद्यालय के कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से पूछा कि उनमें से कितने लोग अपने बच्चों को लोकगीत, लोरियां या लोककथाएं सुनाते हैं। इस सवाल पर किसी भी अभिभावक ने हाथ नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि यह स्थिति समाज के लिए आत्ममंथन का विषय है। यदि अभिभावक ही अपने बच्चों को अपनी लोकभाषा, लोकगीतों, लोककथाओं और परंपराओं से परिचित नहीं कराएंगे, तो नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से कैसे जुड़ पाएगी? धीरे-धीरे बच्चे अपनी भाषा, लोककला और परंपराओं से दूर होते चले जाएंगे और इसके साथ ही हमारी सांस्कृतिक विरासत भी कमजोर होती जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों के लिए समय निकालें और उन्हें अपनी मातृभाषा में बातचीत करने के साथ-साथ लोकगीत, लोरियां और लोककथाएं सुनाएं। उन्हें अपने त्योहारों, पारंपरिक खानपान, पहनावे और रीति-रिवाजों के बारे में बताएं।

*सांस्कृतिक विरासत बचाने की जिम्मेदारी पूरे समाज की*

बंशीधर तिवारी के संबोधन का मूल संदेश यही रहा कि किसी भी संस्कृति को केवल पुस्तकों, सरकारी नीतियों या आयोजनों के सहारे जीवित नहीं रखा जा सकता। उसके लिए समाज की सक्रिय भागीदारी और पारिवारिक स्तर पर सांस्कृतिक संस्कारों का हस्तांतरण जरूरी है।

चंद्रकुंवर बर्त्वाल जैसे साहित्यकारों का स्मरण और उनके साहित्य का अध्ययन हमें अपनी प्रकृति, भाषा और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ता है। उनकी कविताओं में संरक्षित पहाड़, नदियां, झरने और पर्वतीय जीवन तभी आने वाली पीढ़ियों तक पहुंच पाएंगे, जब हम अपनी विरासत को केवल अतीत की धरोहर न मानकर वर्तमान जीवन का हिस्सा बनाएंगे।

वास्तव में चंद्रकुंवर बर्त्वाल का साहित्य हमें प्रकृति से प्रेम करने, संघर्ष के बीच सृजनशील बने रहने और अपनी जड़ों को पहचानने की प्रेरणा देता है। उनकी रचनाओं के माध्यम से उत्तराखंड का पहाड़ आज भी साहित्य में जीवित है। अब इस विरासत को अगली पीढ़ी के जीवन में जीवित रखने की जिम्मेदारी पूरे समाज की है।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *