उत्तरकाशी, 19 जून 2025 जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला गंगा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में गंगा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाए रखने हेतु ठोस और तरल कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक अपशिष्ट नियंत्रण, तथा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की स्थापना जैसे विषयों पर गहन चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने बैठक में जनपद स्तरीय गंगा कार्य योजना तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि जिले में प्रस्तावित परियोजनाओं को शीघ्रता से राज्य स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, ताकि उनकी स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। उन्होंने गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई को विशेष रूप से जोशियाड़ा, ज्ञानसू, उत्तरकाशी तथा गंगोरी क्षेत्रों में सीवरेज प्लांट की स्थापना और जोशियाड़ा व ज्ञानसू आदि क्षेत्रों में प्रस्तावित आस्था पथ परियोजनाओं को राज्य समिति में भेजने के निर्देश दिए।

डॉ. बिष्ट ने कहा कि गंगा की स्वच्छता केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सामूहिक प्रयास का विषय है। गंगा तटवर्ती सभी कस्बों और यात्रा पड़ावों में ठोस कार्यवाही सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने गंगा नदी के किनारे किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्वजल विभाग को निर्देशित किया गया कि गंगा किनारे बसे ग्रामीण क्षेत्रों में कचरा निस्तारण के लिए एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।

इसके अलावा, जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि 20 या अधिक कमरों वाले होटलों में एसटीपी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराई जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी पीएल शाह, एसडीएम देवानंद शर्मा, शालिनी नेगी, परियोजना निदेशक अजय सिंह, एसडीओ मयंक गर्ग, सीएचओ डॉ. रजनीश कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी केके जोशी, पर्यावरण विशेषज्ञ (स्वजल) प्रताप मटूड़ा, ईई जल निगम मधुकांत कोटियाल, समिति सदस्य अशोक सेमवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस बैठक से यह स्पष्ट संकेत मिला कि जिला प्रशासन गंगा स्वच्छता के प्रति गंभीर है और समग्र दृष्टिकोण के साथ ठोस कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *