राज्य अतिथि गृह नैनीताल में जिले के प्रभारी सचिव चंद्रेश यादव ने जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की

अधिकारियों को जनोपयोगी योजनाओं का लाभ समय पर जनता को उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

अधिकारी प्रत्येक कार्यदिवस पर कार्यालय में प्रातरू10 बजे से 11 बजे तक सीएम हेल्पलाइन एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए उनका निस्तारण करें

नैनीताल, जनपद नैनीताल के प्रभारी सचिव चंद्रेश यादव ने राज्य अतिथि गृह नैनीताल में जनपद में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की । समीक्षा के दौरान सचिव ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनोपयोगी योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए जनहित में कार्य करना सुनिश्चित करें। अधिकारी व्यक्तिगत रूचि लेते हुए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को धरातल तक ले जायें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थ व्यवस्था को मजबूत करने हेतु स्वरोजगार के संसाधनों को बढ़ाये जाने हेतु रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के साथ ही महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया जाये। जो पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं से जोड़ते हुए लाभांवित किया जाये। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुॅचाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी अहम भूमिका है, इस हेतु क्षेत्र पंचायतों की बैठकों में प्रत्येक विभागीय अधिकारी अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी उन्हें उपलब्ध कराये ताकि पात्र व्यक्ति उसका लाभ ले सकें।
बैठक में विभागवार योजनाओं की समीक्षा के दौरान सचिव ने जनपद में संचालित रीप परियोजना के अन्तर्गत किये जा रहे कार्यों के सम्बन्ध में निर्देश दिये कि इस योजना के अन्तर्गत अधिक से अधिक महिला समूहों को जोड़ते हुए ग्रामीण आजीविका को बढ़ाये जाने हेतु कार्य किया जाये, अधिक से अधिक लोगों को स्थानीय आवश्यकताओं एवं मांग के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाये जायें। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के उपरान्त अधिक से अधिक प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार के अवसर प्राप्त हों, इस हेतु प्लेसमेंट की व्यवस्था भी की जाये। बैठक में पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान पण्डित दीन दयाल होम स्टे योजना, वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजना आदि की समीक्षा के दौरान सचिव ने निर्देश दिये कि जनपद में जिन व्यक्तियों द्वारा होम स्टे योजना के अन्तर्गत लाभ लिया गया है, यह सुनिश्चित किया जाये कि उन सभी होम स्टे का संचालन हो रहा हो और स्वयं होम स्टे स्वामी उसमें रह रहा हो, इस सम्बन्ध में उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को सभी पंजीकृत होम स्टे का सत्यापन कराने के निर्देश दिये। उन्होंने पर्यटन विकास अधिकारी को निर्देश दिये पर्यटन विभाग की योजनाओं का अधिकारिक लाभ स्थानीय लोगों को मिले, यह सुनिश्चित किया जाये। इस दौरान जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने मानस मन्दिर माला मिशन अन्तर्गत कैंचीधाम एवं मां नैयना देवी मन्दिर में कराये जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी देते हुए अवगत कराया कि शीघ्र ही सभी कार्य पूर्ण कर लिये जायेंगे।
बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान सचिव ने कहा कि भविष्य में जो भी प्राथमिक विद्यालय भवनों का निर्माण अथवा खोले जायेंगे, उक्त परिसर में आंगनबाड़ी केन्द्र का भी निर्माण होगा। भविष्य में अलग से कोई भी आंगनबाड़ी केन्द्र नहीं खोला जायेगा। उन्होंने शिक्षा एवं बाल विकास विभाग को निर्देश दिये कि आंगनबाड़ियों में पढ़ने वाले बच्चों का प्राथमिक विद्यालय में तथा प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों का जूनियर हाई स्कूल में समय समय पर भ्रमण कराया जाये। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय में क्रीड़ा स्थल का भी विकास किया जाना है, इस हेतु प्रस्ताव तैयार किये जाये। ग्राम्य विकास विभाग की समीक्षा के दौरान सचिव ने वर्तमान में जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में बनाये गये 73 सामुदायिक शौचालयों के संचालन के सम्बन्ध में निर्देश दिये कि इन शौचालयों का सदुपयोग तभी है जब इनका संचालन हो रहा हो, इनमें नियमित पानी और सफाई की व्यवस्था हो, इस सम्बन्ध में सीडीओ को स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिये। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जनपद में 8 विद्यालयों में बनाये गये स्टेम लैब के सम्बन्ध में मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिये कि इन आठों विद्यालयों में जिले के अन्य विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाये, इस हेतु अभी से वार्षिक कैलेण्डर तैयार करते हुए जारी किया जाये।
बैठक में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा जिले में किये जा रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि निर्माण कार्यों को समयबद्धता, गुणवत्ता, पारदर्शिता के साथ कराते हुए समय से उपभोग प्रमाणपत्र उपलब्ध कराये जाये ताकि शासन व भारत सरकार स्तर से प्राप्त होने वाली अतिरिक्त धनराशि समय से मिल सके। उन्होंने कृषि, उद्यान सहित अन्य विभागीय अधिकारियों को भी निर्देश दिये कि ग्रामीण स्तर पर किसानों की आय दो गुना करने हेतु तत्परता से कार्य किया जाये। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि अपनी-अपनी वार्षिक कार्य योजना अभी से तैयार कर लें और उसके अनुरूप ही कार्य करें। इस दौरान यूयूएसडीए द्वारा जिले में संचालित कार्यों की समीक्षा के दौरान तेजी से कार्य करने के निर्देश दिये। उन्होंने नैनीताल नगर हेतु सीवरेज ट्रीटमेंट हेतु पटवाडांगर में चयनित भूमि के प्रस्ताव पर भी शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिये। उन्होंने सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिये कि जनपद में आवागम सुरक्षित बनाये रखने, आम नागरिकों की सुरक्षा हेतु सड़कों को दुरूस्त रखा जाये, ब्लैक स्पोट्स को ठीक किया जाये। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनपद के विकास हेतु जो भी बड़ी योजनाओं की आवश्यकता है, उनके प्रस्ताव तैयार कर, शासन में प्रेषित करना सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्होंने भीमताल में सिडकुल पार्क में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अवगत कराया कि माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उनके संज्ञान में रानीबाग स्थित वन विभाग के रेस्क्यू सेन्टर में कार्यरत कर्मचारी बहादुर साह के कार्यों की सराहना की गई है, इस सम्बन्ध में उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी कर्मचारी इसी प्रकार से काम करें तो जनता में एक बेहतर सन्देश जाता है, इस सम्बन्ध में उन्होंने कर्मचारी बहादुर साह को सम्मानित करने की भी बात कही। इससे पूर्व बैठक में आगमन पर मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय ने जनपद प्रभारी सचिव का स्वागत करते हुए उन्हें जनपद में संचालित विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बैठक में सचिव द्वारा दिये गये दिशा-निर्देशों का शतप्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जायेगा।

बैठक में उप जिलाधिकारी धारी अंशुल भट्ट, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, जिला पंचायतराज अधिकारी सुरेश बैनी, एपीडी चन्द्रा फर्त्याल, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ.मुकेश नेगी सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma Working in journalism since 1985 as the first woman journalist of Uttarakhand. From 1989 for 36 years, she provided her strong services for India's top news agency PTI. Working for a long period of thirty-six years for PTI, he got her pen ironed on many important occasions, in which, by staying in Tehri for two months, positive reporting on Tehri Dam, which was in crisis of controversies, paved the way for construction with the power of her pen. Delivered.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *