*केदारनाथ यात्रा को दिव्य एवं भव्य बनाने के लिए प्रशासन की तैयारियां तेज : जिलाधिकारी विशाल मिश्रा*

*जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने प्रेस वार्ता में पत्रकारों से किया संवाद*

आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला कार्यालय स्थित एनआईसी सभागार में स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों के साथ शिष्टाचार भेंट कर यात्रा की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व के वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्री केदारनाथ धाम यात्रा को दिव्य और भव्य बनाने के लिए सभी विभागों के माध्यम से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पशुपालन विभाग को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा मार्ग में संचालित होने वाले घोड़े-खच्चरों का नियमानुसार पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा, जिससे पशुओं के स्वास्थ्य के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने बताया कि यात्रा शुरू होने से पूर्व सभी प्रमुख सड़कों और संपर्क मार्गों को यातायात के लिए पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों को आवश्यक कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा मार्गों की व्यवस्थाओं का समय-समय पर स्वयं उनके द्वारा निरीक्षण किया जाएगा, ताकि व्यवस्थाओं का स्थलीय आकलन कर आवश्यक सुधार तुरंत किए जा सकें।

जिलाधिकारी ने बदरीनाथ-केदारनाथ हाईवे को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण पुल के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए पुल का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद उसकी सभी सुरक्षा मानकों के अनुसार जांच की जाएगी। सुरक्षा मापदंडों की पूर्ण पुष्टि होने के बाद ही पुल को यातायात के लिए सुचारू किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर पालिका और सभी नगर पंचायतों को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, विद्युत, शौचालय, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा और मार्गदर्शन के लिए विभिन्न स्थानों पर साइनबोर्ड (साइनेज), स्ट्रीट लाइट और क्रैश बैरियर भी लगाए जाएंगे। साथ ही यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, आपदा प्रबंधन और संचार व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि श्री केदारनाथ धाम यात्रा में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान किया जाए। इसके लिए सभी विभागों के साथ निरंतर समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है।

By Shashi Sharma

Shashi Sharma Working in journalism since 1985 as the first woman journalist of Uttarakhand. From 1989 for 36 years, she provided her strong services for India's top news agency PTI. Working for a long period of thirty-six years for PTI, he got her pen ironed on many important occasions, in which, by staying in Tehri for two months, positive reporting on Tehri Dam, which was in crisis of controversies, paved the way for construction with the power of her pen. Delivered.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *