*रुद्रप्रयाग के लोकप्रिय जिलाधिकारी प्रतीक जैन का तबादला, अब शासन द्वारा दिये गए अन्य महत्वपूर्ण दायित्व*

*छोटे कार्यकाल में जनसेवा की शानदार मिसाल*

*विशाल मिश्रा होंगे रुद्रप्रयाग के नए जिलाधिकारी*

उत्तराखंड शासन द्वारा गुरुवार को जारी प्रशासनिक तबादला आदेशों के तहत जनपद रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी प्रतीक जैन (IAS 2018 बैच) का स्थानांतरण किया गया है। उन्हें जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग के पद से मुक्त करते हुए प्रबंध निदेशक, गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें मिशन निदेशक – जल जीवन मिशन, परियोजना निदेशक – नमामि गंगे एवं KFW परियोजना का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

उनके स्थान पर विशाल मिश्रा (IAS 2018 बैच) को रुद्रप्रयाग का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

*कार्यकाल रहा सराहनीय एवं जनोन्मुखी*

पूर्व जिलाधिकारी प्रतीक जैन का कार्यकाल जनपद में अत्यंत सराहनीय रहा। जून माह में कार्यभार ग्रहण करने के अगले ही दिन उन्होंने स्वयं पैदल चलकर श्री केदारनाथ धाम तक यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उनके इस संवेदनशील एवं सक्रिय नेतृत्व के फलस्वरूप श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित एवं सुचारू यात्रा का अनुभव प्राप्त हुआ।

त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में उन्होंने कुशल नेतृत्व प्रदान करते हुए जनपद में शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई।

मानसून अवधि में तहसील बसुकेदार अंतर्गत आई प्राकृतिक आपदा के दौरान भी उन्होंने संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता की मिसाल पेश की। स्वयं का स्वास्थ्य अनुकूल न होने के बावजूद वे प्रथम दिवस ही विषम मार्गों से होते हुए तालजामण क्षेत्र पहुंचे और आपदा प्रभावितों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई। उनके निर्देशन में प्रशासनिक टीमों द्वारा युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए गए, जिससे क्षेत्र में शीघ्र सामान्य स्थिति बहाल हो सकी।

*विकास एवं जनकल्याण को दी नई दिशा*

अपने कार्यकाल के दौरान श्री जैन ने विभिन्न विकास कार्यों को गति प्रदान की। बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। स्वयं जिलाधिकारी द्वारा दूरस्थ गांवों में जाकर जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाना उनके कार्यशैली की विशेष पहचान रही।

साहसिक पर्यटन एवं खेल गतिविधियों को भी विशेष प्रोत्साहन दिया गया। उनके कार्यकाल में जनपद की पहली गौशाला का निर्माण अगस्त्यमुनि में संपन्न हुआ। पेयजल, सड़क, आवास एवं आधारभूत संरचना से जुड़े अनेक विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई।

*सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान को मिला नया आयाम*

जनपद की सांस्कृतिक विरासत एवं आध्यात्मिक महत्व को सुदृढ़ करने हेतु उनके नेतृत्व में शीतकालीन यात्रा का इस वर्ष भव्य संचालन सुनिश्चित किया गया। इस पहल से जनपद की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊर्जा एवं व्यापक पहचान मिली है।

जनपद रुद्रप्रयाग प्रशासन द्वारा श्री प्रतीक जैन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके नए दायित्वों के सफल निर्वहन की शुभकामनाएं व्यक्त की गई हैं। साथ ही नव नियुक्त जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा के नेतृत्व में जनपद में और अधिक गति से विकास कार्यों को करने की प्रतिबद्धता जताई है।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma Working in journalism since 1985 as the first woman journalist of Uttarakhand. From 1989 for 36 years, she provided her strong services for India's top news agency PTI. Working for a long period of thirty-six years for PTI, he got her pen ironed on many important occasions, in which, by staying in Tehri for two months, positive reporting on Tehri Dam, which was in crisis of controversies, paved the way for construction with the power of her pen. Delivered.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *