सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “सेवा सेतु–सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम आयोजित
सेवा संकल्प अभियान से सशक्त हो रही उत्तराखंड की मातृशक्ति : भावना
भीमताल। सेवा संकल्प अभियान के तहत भीमताल ब्लॉक सभागार में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष (दर्जा राज्य मंत्री) भावना मेहरा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ धात्री महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई तथा लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
दर्जा राज्य मंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और महिला सशक्तिकरण के संकल्प तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से प्रदेश की मातृशक्ति निरंतर सशक्त और आत्मनिर्भर हो रही है। सेवा संकल्प अभियान इसी दिशा में सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में लखपति दीदी योजना के तहत 2.65 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। इसके साथ ही श्रमिकों की बेटियों के विवाह के लिए ₹51 हजार की सहायता तथा नंदा गौरा योजना जैसी योजनाएं महिलाओं और बेटियों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मजबूत कर रही हैं उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य हुआ है देश में 3 करोड़ से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और वर्ष 2029 तक इस संख्या को 6 करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में भी महिला कल्याण और मातृशक्ति के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
बहुउद्देशीय शिविर में ग्रामीणों को दी गई जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं की जानकारी
बहुउद्देशीय शिविर में स्थानीय जनता ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए अपनी समस्याएं एवं मांगें संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रखीं। विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं, सेवाओं एवं पात्रता की जानकारी आमजन को दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों के आवश्यक आवेदन एवं दस्तावेज प्राप्त कर संबंधित सेवाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई की गई।
कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमताल, राजस्व विभाग, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, राजकीय आयुर्वेदिक प्रशिक्षण संस्थान, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, मिलेट बेकरी ग्रोथ सेंटर भीमताल, बाल विकास परियोजना भीमताल, कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, राजकीय पशु चिकित्सालय, समाज कल्याण विभाग, मत्स्य विभाग, होम्योपैथिक चिकित्सा विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा शिविर लगाकर स्थानीय जनता को आवश्यक जानकारी, परामर्श एवं सुझाव प्रदान किए गए।
शिविर में विभागीय अधिकारियों द्वारा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
दर्जा राज्य मंत्री भावना मेहरा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को प्राप्त शिकायतों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में विभिन्न जिलास्तरीय विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। शिविर में पहुंचे लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का निस्तारण भी किया। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, डीडीओ संतोष कुमार पंत, तहसीलदार अक्षय भट्ट, बीडीओ हर्षित गर्ग, पुष्कर मेहरा, मीनाक्षी भगत, मीनाक्षी आर्या, सभासद प्रकाश कन्नौजिया, ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह गंगोला, जितेंन्द्र चनौतीया, कमल देवका, हरगोविन्द रावत, शेखर चंद्र भट्ट, खष्टी भट्ट, प्रेमा बरगली, जानकी देवी, पुष्पा देवी, रजनी देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहें।