*जन समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु ऊखीमठ में तहसील दिवस कार्यक्रम आयोजित*

*जिलाधिकारी ने सुनी आमजन की समस्याएं, मौके पर ही हुआ समस्याओं का निराकरण*

*70 शिकायतों में से 32 का मौके पर ही निस्तारण, शेष पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश*

*अवैध शराब, सड़क, पेयजल व स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों को दिए निर्देश*

आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा शासन-प्रशासन तक उनकी सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद रुद्रप्रयाग में समय-समय पर तहसील दिवस का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में आज दिनांक 10 मार्च 2026 (मंगलवार) को जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में विकासखंड ऊखीमठ स्थित खंड विकास कार्यालय के सभागार में तहसील दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया।

तहसील दिवस में जिलाधिकारी सहित जनपद के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

तहसील दिवस कार्यक्रम में कुल 70 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 32 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष प्राप्त शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। ग्रामीणों द्वारा केदार घाटी क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग को निर्देश दिए कि क्षेत्र में नियमित रूप से अभियान चलाकर टीमों द्वारा दबिश दी जाए तथा अवैध शराब के विक्रय पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

ग्रामीणों ने ओंकारेश्वर मंदिर मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त होने तथा मार्ग में पड़ने वाले गधेरे से हो रहे कटाव की समस्या भी रखी। इस पर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही करते हुए सड़क की मरम्मत और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही ऊखीमठ क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकृत करने की मांग भी उठाई गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने पिंगलापानी पेयजल योजना का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने की मांग भी रखी। वहीं ग्राम पाब जगपुड़ा के ग्रामीणों द्वारा पीएमजीएसवाई के अंतर्गत ताला-बंगराली मोटर मार्ग के किमी 05 में पाब दुर्गाधार मोटर मार्ग पर बने 30 मीटर स्पान स्टील गार्डर पुल का अप्रोच सड़क से न जुड़ने की शिकायत की गई।

ग्राम उषाडा के ग्रामीणों ने हर घर जल योजना के अंतर्गत पेयजल आपूर्ति सुचारु न होने की समस्या उठाई तथा गांव में सौर ऊर्जा लाइट लगाने की मांग की। इसके अतिरिक्त सड़कों की मरम्मत, गड्ढा भरान, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम सहित अन्य समस्याएं भी तहसील दिवस में उठाई गईं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि मा० मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार तहसील दिवस, सरकार जनता के द्वार तथा बहुउद्देशीय शिविरों का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनना तथा उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में आज जनपद के ऊखीमठ विकासखंड में पहुंचकर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आज प्राप्त 70 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि कुछ मामले निर्माण कार्यों से संबंधित हैं, जिन पर शासन स्तर पर कार्यवाही गतिमान है। इसके अतिरिक्त कुछ प्रकरण फॉरेस्ट क्लियरेंस से जुड़े हुए हैं, जिन पर भी आवश्यक कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस पर प्राप्त शिकायतों के संबंध में मा० मुख्यमंत्री द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि इन्हें प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। साथ ही सभी शिकायतों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा तथा उनकी निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके साथ ही शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से भी अवगत कराया जाएगा।

इस अवसर पर नगर पंचायत ऊखीमठ अध्यक्ष कुब्जा धर्मवान, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, उपजिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया, तहसीलदार ऊखीमठ रमेश सिंह, खंड विकास अधिकारी ऊखीमठ अनुष्का, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ विनोद भास्कर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय जनमानस उपस्थित रहे।

By Shashi Sharma

Shashi Sharma Working in journalism since 1985 as the first woman journalist of Uttarakhand. From 1989 for 36 years, she provided her strong services for India's top news agency PTI. Working for a long period of thirty-six years for PTI, he got her pen ironed on many important occasions, in which, by staying in Tehri for two months, positive reporting on Tehri Dam, which was in crisis of controversies, paved the way for construction with the power of her pen. Delivered.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *