मुख्यमंत्री आवास में पारंपरिक उल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया लोकपर्व इगास, मुख्यमंत्री धामी ने भैलो खेलकर निभाई लोक परंपरा

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी इगास पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं, अपनी लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत के संरक्षण का किया आह्वान

इगास जैसे लोकपर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक एकता और पूर्वजों की समृद्ध परंपराओं के प्रतीक : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री आवास में लोकगीतों, पारंपरिक लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ खेला गया भैलो

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में लोकपर्व इगास की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं पूरे उत्साह के साथ इगास पर्व मनाया तथा पारंपरिक रूप से भैलो खेलकर उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक परंपराओं का निर्वहन किया। कार्यक्रम में लोक संस्कृति, परंपरा और पहाड़ की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, विभिन्न विधायकगण, अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक लोकनृत्यों, लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ दिया। पारंपरिक वेशभूषा, लोकधुनों और उल्लासपूर्ण वातावरण ने इगास पर्व के पारंपरिक स्वरूप को जीवंत कर दिया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इगास उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, आस्था, परंपरा और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपनी जड़ों, अपनी मिट्टी और अपने पूर्वजों की गौरवशाली विरासत से जोड़ता है। उत्तराखण्ड के लोकपर्व केवल उत्सव मनाने के अवसर नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से हमारी सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक एकजुटता और पारंपरिक जीवन मूल्यों की अभिव्यक्ति होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की संस्कृति अत्यंत समृद्ध और विविधतापूर्ण है। यहां के लोकपर्व, लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक खानपान, वेशभूषा और रीति-रिवाज हमारी विशिष्ट पहचान हैं। इगास पर्व भी इसी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भैलो खेलने की परंपरा, सामूहिक रूप से लोकगीत गाना और पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से खुशियां बांटना हमारी लोक संस्कृति की जीवंतता को दर्शाता है। इन परंपराओं में केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे, सहयोग और सामूहिकता का भाव भी निहित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिकता और बदलते सामाजिक परिवेश के बीच अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आज आवश्यकता है कि हम अपनी नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और त्योहारों के महत्व से परिचित कराएं। बच्चों और युवाओं को इगास, हरेला, फूलदेई, घी संक्रांति, उत्तरायणी सहित प्रदेश के विभिन्न लोकपर्वों से जोड़ना होगा, ताकि वे अपनी सांस्कृतिक जड़ों को समझें और उन पर गर्व करना सीखें।

उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक पहचान उसकी भाषा, संस्कृति और परंपराओं में निहित होती है। यदि हम अपनी लोक संस्कृति को जीवित रखना चाहते हैं तो इसे केवल पुस्तकों और आयोजनों तक सीमित नहीं रखना होगा, बल्कि अपने घरों, गांवों और सामाजिक जीवन में भी इन परंपराओं को अपनाना होगा। परिवारों में बच्चों को अपने त्योहारों के पीछे छिपे ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व के बारे में बताना चाहिए। गांवों में होने वाले पारंपरिक उत्सवों, मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति को संरक्षित करने में प्रवासी उत्तराखण्डियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में रह रहे प्रदेश के लोग अपने त्योहारों को पारंपरिक रूप से मनाकर उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ा रहे हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जन्मभूमि और पैतृक गांवों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे जहां भी रहें, अपनी बोली-भाषा, लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक त्योहारों को सम्मानपूर्वक मनाएं तथा अपनी आने वाली पीढ़ियों को भी इनसे जोड़ें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककलाओं, पारंपरिक मेलों, लोकभाषाओं और ऐतिहासिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। हमारी सांस्कृतिक धरोहर हमारी अमूल्य पूंजी है। इसका संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति, प्रत्येक परिवार और प्रत्येक पीढ़ी की जिम्मेदारी है। जब समाज स्वयं अपनी परंपराओं को अपनाएगा, तभी हमारी सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रूप से पहुंच सकेगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति में प्रकृति के प्रति सम्मान, सामूहिकता, परिश्रम, सद्भाव और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण जैसे मूल्य समाहित हैं। इन मूल्यों को आत्मसात करते हुए हमें अपनी सांस्कृतिक पहचान को और अधिक मजबूत बनाना है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि इगास सहित सभी पारंपरिक लोकपर्वों को पूरे उत्साह, श्रद्धा और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाएं। इन अवसरों पर स्थानीय लोककलाकारों, शिल्पकारों और पारंपरिक उत्पादों को प्रोत्साहित करें तथा अपनी संस्कृति को केवल उत्सव का हिस्सा न बनाकर अपनी जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी संस्कृति को जानना, अपनी परंपराओं को जीना और अपनी विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना ही अपनी जड़ों के प्रति सच्चा सम्मान है।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *