*मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का किया लोकार्पण*

*सफेद बाघ ‘तेजस’ के आने से देहरादून चिड़ियाघर में बढ़ेगा पर्यटकों का आकर्षण : मुख्यमंत्री*

*कॉलेज के विद्यार्थियों को भी मिलेगी देहरादून चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश की सुविधा*

*पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास के बीच संतुलन बनाए रखना राज्य सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री*

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकनार्थ समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ ‘तेजस’ के आगमन से देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण और बढ़ेगा तथा यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों के अवलोकन का नया अनुभव प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है। यहां प्रतिवर्ष लगभग 8.50 लाख पर्यटक आते हैं तथा सात करोड़ रुपये से अधिक की आय प्राप्त होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में इस प्रकार का सफेद बाघ पहली बार लाया गया है। इससे पूर्व भी चिड़ियाघर में अन्य प्रजाति के दो बाघ लाए गए थे, जिनके कारण पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र ही नहीं, बल्कि वन्यजीवों एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वनों की जैव विविधता तथा पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में बच्चों के लिए चिड़ियाघर में निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। इस पहल से बच्चों को वन्यजीवों के बारे में जानकारी प्राप्त करने तथा प्रकृति एवं पर्यावरण के साथ उनके संबंध को समझने का अवसर मिला है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता एवं पर्यावरण के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा। इससे युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे भविष्य में राज्य एवं देश के विकास के साथ ही प्रकृति संरक्षण में भी अपना योगदान दे सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड भौगोलिक एवं पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को प्रतिवर्ष विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड देश के सर्वाधिक वन क्षेत्र वाले प्रमुख राज्यों में शामिल है। राज्य की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता हमारी महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वन्यजीव संरक्षण के साथ ही नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी आवश्यक है। देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस अवसर पर वन मंत्री श्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन श्री आर. के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) श्री कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *