मुख्यमंत्री ने किया 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा का समापन

विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ना आवश्यक : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का भी किया विमोचन

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में निकाली गई 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 के समापन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने डॉ. अनिल प्रकाश जोशी एवं यात्रा में शामिल सभी साइकिल यात्रियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उन्हें इस महत्वपूर्ण अभियान की सफलता के लिए बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. अनिल प्रकाश जोशी द्वारा 47 दिनों तक साइकिल यात्रा करना प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल लंबी दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का एक सार्थक प्रयास है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक संबंध रहे हैं। जनकपुर धाम और अयोध्या का संबंध हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत तथा रोटी-बेटी के आत्मीय रिश्तों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियां भी एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. अनिल प्रकाश जोशी द्वारा दिया गया ‘प्रकृति ही प्रभु है’ का संदेश भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन की मूल भावना को अभिव्यक्त करता है। हमारी संस्कृति में प्रकृति को सदैव पूजनीय माना गया है। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तभी मानव जीवन भी सुरक्षित रह सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। आवश्यकता इस बात की है कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट की अवधारणा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की गुणवत्ता के आकलन के माध्यम से विकास एवं पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में उपयोगी सिद्ध हो सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान यहां की समृद्ध प्राकृतिक संपदा, हिमालय, नदियों, वनों और जैव विविधता से है। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को विकास की प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नौले-धारे, चाल-खाल, पारंपरिक जल स्रोतों तथा प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाना राज्य सरकार का विकल्प रहित संकल्प है। इस दिशा में महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति संरक्षण का संदेश निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के अभियान समाज में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने प्रकृति पथ यात्रा-2026 के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर 2026 को नेपाल के जनकपुर धाम से प्रारंभ हुई इस 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय साइकिल यात्रा के दौरान 3,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की गई। यात्रा के माध्यम से नेपाल सहित भारत के विभिन्न राज्यों, 25 से अधिक जिलों और 150 से अधिक गांवों तक पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन का संदेश पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य जल, जंगल, जमीन के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने 28 से 30 नवंबर 2026 तक देहरादून में आयोजित होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का भी विमोचन किया।

यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने सम्मेलन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल एवं सुरक्षित बचाव अभियान की तीसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में इस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। ‘सिलक्यारा के साहस से वैश्विक आपदा प्रतिरोधक क्षमता तक’ विषय पर आधारित सम्मेलन में आपदा जोखिम के पूर्वानुमान, आपदा प्रबंधन की तैयारियों, नवीन तकनीकों तथा आपदाओं से निपटने की क्षमता विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। सम्मेलन का उद्देश्य आपदा प्रबंधन से जुड़े अनुभवों, ज्ञान और नवाचारों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना है।

इस अवसर पर पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत एवं प्रकृति पथ यात्रा के सदस्य उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *