*संविधान दिवस के अवसर पर MY Bharat बागेश्वर ने आयोजित किया ‘विकसित भारत युवा संवाद’*

– सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, बागेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में 80 युवाओं ने लिया भाग।

– ‘विकसित भारत@2047’ और नशा मुक्त भारत के महत्व पर युवाओं ने किया संवाद।

– संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों के प्रति दोहराई प्रतिबद्धता।

– युवाओं से स्वस्थ, सकारात्मक और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने तथा समाज को जागरूक करने का आह्वान।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), बागेश्वर द्वारा संविधान दिवस के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, बागेश्वर में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘विकसित भारत@2047’ की व्यापक थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को भारत की विकास यात्रा, विकसित राष्ट्र के लक्ष्य और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।

यह कार्यक्रम देशभर के 30 से अधिक राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 600 से अधिक जिलों में 500 से अधिक विधि महाविद्यालयों के माध्यम से आयोजित की जा रही राष्ट्रव्यापी पहल का हिस्सा है। इसके माध्यम से MY Bharat का उद्देश्य अमृत पीढ़ी की ऊर्जा और क्षमता को राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक रूप से जोड़ना तथा युवाओं को राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर संवाद, विचार-विनिमय और सामूहिक भागीदारी के अवसर प्रदान करना है।

कार्यक्रम के प्रमुख सत्र में श्री विजय कुमार ने ‘विकसित भारत@2047’ विषय पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने भारत की विकास यात्रा और वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प पर प्रकाश डाला। प्रस्तुतीकरण में गरीबी उन्मूलन, सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन तथा नक्सलवाद की चुनौती से निपटने में देश की प्रगति का उल्लेख किया गया। साथ ही स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त समाज के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया गया। युवाओं को बताया गया कि नशे की समस्या व्यक्ति की क्षमता, परिवार के कल्याण, सामाजिक विकास और राष्ट्रीय उत्पादकता को प्रभावित करती है। विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए नशामुक्त भारत का निर्माण आवश्यक है, जिसमें युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।

कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री रमेश चंद्र सिंह असवाल तथा खिलाड़ी श्री पंकज सिंह गड़िया ने भी युवाओं से संवाद किया। उन्होंने अपने अनुभवों और जीवन यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित किया तथा दृढ़ संकल्प, अनुशासन, निरंतर प्रयास और चुनौतियों का सामना करते हुए अपने लक्ष्य हासिल करने का संदेश दिया।

संविधान दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई। युवाओं को नागरिक कर्तव्यों का पालन करने और संविधान के आदर्शों को अपने व्यवहार में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में 80 विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रस्तुतीकरण, संवाद तथा चर्चा में सक्रिय सहभागिता की। इस पहल के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने, जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त भारत के संदेश को अपने परिवार एवं समुदाय तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

‘विकसित भारत युवा संवाद’ के माध्यम से MY Bharat युवाओं को संवाद, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का मंच उपलब्ध करा रहा है। कार्यक्रम ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संदेश को आगे बढ़ाते हुए प्रतिभागियों से अपने साथियों, परिवारों और समुदायों को स्वस्थ, सकारात्मक एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *