नगर पालिका कर्मचारी के साथ वकील द्वारा मारपीट करने का मामला तूल पकड़ने लगा है। इस घटना के बाद से कर्मचारियों में आक्रोष व्याप्त है। जिसके चलते कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर वकील के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने वकील की गिरफ्तारी की मांग की है।
मसूरी पुलिस द्वारा अधिवक्ता के खिलाफ कार्यवाही ना किये जाने पर मसूरी नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही नगर पालिका मसूरी से एसडीएम कार्यालय तक विरोध रैली निकाली। सभी ने अधिवक्ता की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. इस मौके पर मसूरी नगर पालिका कर्मचारी संघ ने एसडीएम मसूरी कुमकुम जोशी को ज्ञापन देकर कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ अधिवक्ता के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि अगर अधिवक्ता के खिलाफ पुलिस जल्द कार्यवाही नहीं करती तो वह सभी सेवाओं को ठप कर देंगे।
कर्मचारियों ने कुछ समय के लिये मालरोड को जाम भी किया। कर्मचारी संघ ने एसडीएम मसूरी से वकील के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के साथ पालिका कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही। मसूरी नगर पालिका अधिशासी अधिकारी तनवीर मारवाह ने कहा कि कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता और मारपीट बर्दाश्त नहीं की जायेगी। मसूरी एसडीएम कुमकुम जोशी ने कहा कि कर्मचारी के साथ मारपीट और अभद्रता करने वाले अधिवक्ता के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।