*कुंभ 2027 की तैयारियां तेज : शहरी विकास मंत्री ने हरिद्वार का भ्रमण कर तैयारियों का लिया जायजा*

*कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध : कैड़ा*

*श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और सभी कार्यों को समयबद्धता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश*

*साधु-संतों से भी भेंट कर लिया आशीर्वाद*

*हरिद्वार। राज्य के शहरी विकास मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को हरिद्वार का भ्रमण कर कुंभ मेला 2027 की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अनेक प्रमुख संतों से भेंट की और अधिकारियों की बैठक लेकर कुंभ से जुड़े कामों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कुंभ से जुड़ी सभी योजनाओं को तेजी से व पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ नगरी हरिद्वार श्रेष्ठ तीर्थधाम होने के साथ ही हमारी आध्यात्मिक राजधानी है। जिसे देखते हुए राज्य सरकार द्वारा हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 के दिव्य एवं भव्य आयोजन को लेकर बड़े पैमाने पर तैयारियां शुरू करने के साथ ही इस महा आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

शहरी विकास मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा ने मेला नियंत्रण भवन में अधिकारियों की बैठक लेकर कहा कि कुंभ के महा आयोजन को सुव्यवस्थित व सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं केंद्र सरकार के भरपूर सहयोग से कुंभ के आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा का सर्वोच्च ध्यान रखते हुए इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने सड़कों का सुधार करने तथा पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्थाएं किए जाने पर जोर देते हुए शहरी विकास मंत्री ने ट्रैफिक प्रबंधन की बेहतर योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने घाटों के अनुरक्षण एवं विस्तार के साथ ही स्ट्रीट लाइट्स, टॉयलेट्स की पर्याप्त व्यवस्था किए जाने के भी विशेष निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा में कोई कमी न रहने दी जाए। ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुजन बेहतर अनुभव लेकर जाएं और इस आयोजन से देश-दुनिया को अच्छा संदेश मिले। उन्होंने कहा कि कुंभ की तैयारियों को सामूहिक जिम्मेदारी के साथ जुटकर पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने साधु-संतों एवं अखाड़ों की सहमति के अनुरूप कुंभ से जुड़ी व्यवस्थाएं करने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। शहरी विकास मंत्री ने कहा कि कुंभ के दिव्य एवं भव्य आयोजन को लेकर राज्य सरकार द्वारा रु. 300 करोड़ से अधिक की धनराशि की योजनाएं स्वीकृत की जा चुकी हैं और अनेक कार्य अभी भी स्वीकृत किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार द्वारा भी पांच सौ करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े कामों को तेजी से पूरा करने के लिए निरंतर काम किया जाए और गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। श्री कैड़ा ने कहा कि तमाम कार्यों की निरंतर निगरानी कर प्रगति की समीक्षा की जाएगी। लिहाजा किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाए और सभी विभाग बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान सचिव शहरी विकास श्री नितेश झा तथा मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कुंभ मेला की तैयारियों एवं विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। मेलाधिकारी ने बताया कि कुंभ मेला 2027 के लिए राज्य की मद से 55 कार्य स्वीकृत हुए हैं जिनमें से 36 स्थायी एवं 19 अस्थायी प्रवृत्ति के कार्य हैं। सभी कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। स्थायी प्रवृत्ति के 34 कार्य प्रगति पर हैं एवं 2 योजनाओं पर जल्द काम शुरू होने वाला है। केंद्र सरकार के द्वारा स्वीकृत 500 करोड़ धनराशि से स्थायी प्रवृत्ति के कार्य कराए जाएंगे, जिसके लिए कार्यों का चयन हो गया है। जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित ने कुंभ मेला की तैयारियों के लिए जिला प्रशासन के कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि हरिद्वार में अतिक्रमण हटाने एवं स्वच्छता को लेकर निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला श्री योगेंद्र सिंह रावत एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत सिंह भुल्लर ने कुंभ मेला के दौरान सुरक्षा एवं ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर किए जाने वाले इंतजामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुंभ के दौरान सभी 32 सेक्टरों में अस्थायी पुलिस थाने स्थापित करने के साथ ही बाहरी क्षेत्रों में भी चार स्थायी पुलिस थाने स्थापित किए जाएंगे। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने स्वच्छता एवं सफाई व्यवस्था को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि कुंभ मेला के दौरान 13 हजार टॉयलेट्स एवं 8 हजार मूत्रालय स्थापित किए जाएंगे और सफाई व्यवस्था की डिजिटल निगरानी की जाएगी।

बैठक में मेयर नगर निगम श्रीमती किरण जैसल, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष श्री राजीव शर्मा, अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी श्री आकाश जोशी, श्री मंजीत सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री आशुतोष शर्मा, पूर्व मेयर श्री मनोज गर्ग, जिला महामंत्री भाजपा श्री संजीव चौधरी, जिला उपाध्यक्ष श्री मनोज कुमार सिंह, श्री संजय चोपड़ा सहित अनेक जन-प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

शहरी विकास मंत्री श्री कैड़ा ने हरिद्वार भ्रमण के दौरान जगद्गुरु आश्रम में शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज, निरंजनी अखाड़े में स्वामी रविंद्र पुरी, वेद निकेतन में स्वामी यतीश्वरानंद, पतंजलि योगपीठ में स्वामी रामदेव से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कुंभ मेला 2027 के दिव्य और भव्य आयोजन को लेकर राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए संतों व अखाड़ों से इस महा आयोजन में बढ़-चढ़कर सहयोग करने का आग्रह किया।

 

इससे पूर्व शहरी विकास मंत्री ने सीसीआर-2 भवन के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ ही कुंभ मेला के अन्य कार्यों का भी जायजा लिया।

By Shashi Sharma

Shashi Sharma Working in journalism since 1985 as the first woman journalist of Uttarakhand. From 1989 for 36 years, she provided her strong services for India's top news agency PTI. Working for a long period of thirty-six years for PTI, he got her pen ironed on many important occasions, in which, by staying in Tehri for two months, positive reporting on Tehri Dam, which was in crisis of controversies, paved the way for construction with the power of her pen. Delivered.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *