कांवड़ यात्रा-2026 का सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सकुशल संचालन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : जिलाधिकारी मयूर दीक्षित

कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

25 जुलाई तक सभी मूलभूत सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं पूर्ण करने के दिए सख्त निर्देश

हरिद्वार, आगामी 30 जुलाई से प्रारंभ होने वाली पावन कांवड़ यात्रा-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा का सकुशल एवं व्यवस्थित संचालन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा के दौरान आने वाले करोड़ों शिवभक्तों को सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभाग से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं 25 जुलाई तक हर हाल में पूर्ण कर ली जाएं।

उन्होंने सिंचाई विभाग को कांवड़ पटरी मार्ग पर क्षतिग्रस्त सड़कों का मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत को निर्देशित किया कि कांवड़ पटरी मार्ग पर झाड़ियों की कटाई, सार्वजनिक शौचालयों एवं स्नान गृहों की साफ-सफाई तथा आवश्यक मरम्मत का कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।

विद्युत विभाग को निर्देश दिए गए कि कांवड़ पटरी मार्ग पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा जहां भी विद्युत तार झूल रहे हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त किया जाए ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।

जल संस्थान को निर्देशित किया गया कि कांवड़ पटरी मार्ग पर पेयजल की समुचित व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि मार्ग पर स्थापित किए जाने वाले स्वास्थ्य शिविरों के लिए पर्याप्त चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, दवाइयों एवं आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को कांवड़ यात्रा के दौरान प्रभावी यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ पटरी मार्ग पर विद्युत पोलों के नीचे किसी भी प्रकार के फड़ अथवा अस्थायी स्टॉल लगाने की अनुमति न दी जाए तथा इसकी नियमित निगरानी की जाए।

वन विभाग को निर्देशित किया गया कि मार्ग पर जहां पेड़ों की लॉपिंग (शाखाओं की छंटाई) आवश्यक है, वहां समय से अनुमति उपलब्ध कराते हुए कार्य पूर्ण कराया जाए।
बैठक में नगर निगम एवं जिला पंचायत को कांवड़ यात्रा मार्गों, शिविर स्थलों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा का अनुभव प्राप्त हो और कांवड़ यात्रा-2026 का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, अधिशासी अभियंता (विद्युत) दीपक सैनी, जिला शिक्षा अधिकारी अमित चंद, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला युवा कल्याण अधिकारी (पीआरडी) प्रमोद चंद पांडे, स्वजल के चंद्रकांत मणि त्रिपाठी सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma Working in journalism since 1985 as the first woman journalist of Uttarakhand. From 1989 for 36 years, she provided her strong services for India's top news agency PTI. Working for a long period of thirty-six years for PTI, he got her pen ironed on many important occasions, in which, by staying in Tehri for two months, positive reporting on Tehri Dam, which was in crisis of controversies, paved the way for construction with the power of her pen. Delivered.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *