आगामी कांवड़ मेले को सुव्यवस्थित, सुगम एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पार्किंग स्थलों का किया स्थलीय निरीक्षण

पंतद्वीप पार्किंग में गंदगी एवं अतिक्रमण मिलने पर संबंधित कांट्रेक्टर पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश

अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाने तथा 25 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के दिए निर्देश

हरिद्वार।आगामी कांवड़ मेले को सुगम, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने शनिवार को शहर क्षेत्र के प्रमुख पार्किंग स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बैरागी कैंप, दक्ष द्वीप एवं पंतद्वीप पार्किंग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पार्किंग स्थलों पर सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, हाई मास्ट लाइट, शौचालयों की उपलब्धता तथा पर्याप्त पेयजल व्यवस्था को समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी मूलभूत सुविधाएं निर्धारित समय से पूर्व उपलब्ध करा दी जाएं।
जिलाधिकारी ने नगर निगम को निर्देशित किया कि बैरागी कैंप के सभी सेक्टरों में पर्याप्त संख्या में शौचालय स्थापित किए जाएं तथा सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिससे आने वाले शिवभक्तों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने पंतद्वीप पार्किंग के निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने तथा निर्धारित सीमा से अधिक दुकानें लगाकर अतिक्रमण किए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित कांट्रेक्टर पर समुचित सफाई व्यवस्था न रखने पर ₹50,000 तथा आवंटित दुकानों से अधिक संख्या में दुकानें लगाकर अतिक्रमण करने पर ₹50,000, कुल ₹1 लाख का जुर्माना लगाए जाने के लिए अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग स्थल पर किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को दिए।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने उप राजस्व अधिकारी, सिंचाई विभाग को समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित न करने तथा आवंटित संख्या से अधिक दुकानें लगाए जाने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ मेले से संबंधित सभी व्यवस्थाएं 25 जुलाई तक हर हाल में पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेले का संचालन सुरक्षित, व्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाना सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने भी संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंतद्वीप पार्किंग में किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने हेतु एसपी ट्रैफिक एवं एसपी सिटी को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सीओ ट्रैफिक बिपेंदर सिंह, उप मेला अधिकारी (कुंभ) मंजीत सिंह, सीपीयू प्रभारी हितेश, ट्रैफिक इंचार्ज संदीप, अधिशासी अभियंता सिंचाई खुशवंत सिंह चौहान, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश मेहरा, जल निगम के राजेश गुप्ता, जल संस्थान के विपिन चौहान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *