रुद्रप्रयाग।*मदमहेश्वर घाटी में अटल उत्कर्ष सेवा केंद्र का शुभारंभ, अब राउलेक में मिलेंगी पंचकर्म और क्षार-सूत्र की सुविधा*
मद्महेश्वर घाटी क्षेत्र के लोगों को अब बेहतर आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय राउलेक को अटल उत्कर्ष सेवा केंद्र के रूप में उच्चीकृत किया गया है। इसका विधिवत उद्घाटन 20 जुलाई 2026 को श्री केदारनाथ विधायक श्रीमती आशा नौटियाल ने किया।
उद्घाटन समारोह में ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सरोज राणा, महिला आयोग सदस्य श्रीमती दर्शनी पंवार, सामाजिक कार्यकर्ता दलवीर नेगी, प्रधान रमेश नौटियाल और प्रधान श्रीमती मिथिला मनसूना सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उद्घाटन के अवसर पर चिकित्सालय में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया। इसमें 100 से अधिक लाभार्थियों ने स्वास्थ्य जांच, परामर्श और दवाओं का लाभ लिया।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आर.एस. पाल ने बताया कि केंद्र के उच्चीकृत होने के बाद क्षेत्रवासियों को पंचकर्म, क्षार-सूत्र, गैर-संचारी रोगों सहित अन्य आयुर्वेदिक उपचारों की सुविधा मिलेगी।
अटल उत्कर्ष सेवा केंद्र के प्रचार के लिए 3 दिवसीय चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। 20 जुलाई को राउलेक, 21 जुलाई को रांसी और 22 जुलाई को मनसूना में शिविर लगेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इन शिविरों में पहुंचकर अधिक से अधिक स्वास्थ्य लाभ लें।
इस अवसर पर चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनित कुमार, डॉ. जयलिता, डॉ. सुब्रतो कुमार दास, डॉ. प्रियंका, डॉ. भूपेंद्र चौहान और गोविंद तिवारी की टीम भी मौजूद रही।