*जिला कौशल विकास समिति की 11वीं बैठक आयोजित*

*कौशल विकास एवं रोजगारपरक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जिलाधिकारी ने दिए निर्देश*

जिला सभागार में जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कौशल विकास समिति की 11वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कौशल विकास योजना-2026 सहित युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को कौशल विकास एवं रोजगारपरक योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए उनका प्रभावी एवं शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक पात्र युवाओं तक पहुंचाई जाए तथा उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाए।

जिलाधिकारी ने जापान में स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार की उपलब्ध संभावनाओं को देखते हुए जनपद की इंटरमीडिएट उत्तीर्ण बालिकाओं एवं एएनएम डिप्लोमा प्राप्त अभ्यर्थियों से संपर्क कर उन्हें मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं रोजगार योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को आवश्यक भाषा प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में इंडिया स्किल कंपटीशन-2026 में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, राजकीय पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक प्रशिक्षार्थियों को प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण कराने हेतु प्रेरित किया जाए, ताकि जनपद के युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अवसर प्राप्त कर सकें।

बैठक में विद्यार्थियों को उचित एवं प्रभावी वृत्तिक मार्गदर्शन (करियर काउंसलिंग) उपलब्ध कराने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को व्यापक कार्ययोजना तैयार कर विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को विशेषज्ञों के माध्यम से रोजगार, कौशल एवं करियर के विभिन्न विकल्पों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही सेवायोजन विभाग द्वारा सितंबर माह में प्रस्तावित रोजगार मेले को वृहद स्तर पर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला कार्यालय सभागार में आयोजित होने वाले रोजगार मेले में अधिक से अधिक रोजगारदाताओं एवं युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए मेले का प्रभावी ढंग से आयोजन किया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अगस्त्यमुनि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रतिनिधि डॉ. सुधीर पेटवाल, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सोनी माहरा, राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रवक्ता मनीष देवली, आईटीआई रुद्रप्रयाग से अनिल बाजपेई, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संदीप भट्ट, उद्योग विभाग के प्रबंधक अंकित कंडारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकित सैनी, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक अनूप सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी अनिल पुरोहित, आरसेटी निदेशक अरुण कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली तथा सेवायोजन विभाग से अनुदेशक किशन सिंह रावत, रजनीश कुमार एवं पुष्कर लाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *