28 नवम्बर को लगभग 300 स्थानों पर होगी माॅक ड्रिल

तहसील स्तर तक होगा माॅक ड्रिल का आयोजन

ओसीसी सपन्न, दिए जरूरी निर्देश

देहरादून। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के तहत उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। यह मॉक ड्रिल राज्य स्तर से लेकर तहसील स्तर तक व्यापक रूप से आयोजित की जाएगी तथा लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ विभिन्न आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों का अभ्यास किया जाएगा। राज्य में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर एक साथ मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है।

मॉक ड्रिल के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में ओरिएंटेशन एवं कोऑर्डिनेशन कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। कांफ्रेंस में सभी संबंधित विभागों, जनपदों एवं विभिन्न स्तरों पर मॉक ड्रिल की तैयारियों, भूमिका एवं जिम्मेदारियों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता को स्मरण करते हुए माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रत्येक वर्ष 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा की गई है। इसी क्रम में 25 नवंबर से 28 नवंबर तक पूरे राज्य में व्यापक स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन, स्थानीय समुदायों, प्रशासन एवं विभिन्न विभागों की क्षमताओं को और अधिक मजबूत करना है।

उन्होंने बताया कि 25 नवंबर को राज्य के सभी जनपदों में टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न आपदा परिदृश्यों पर संबंधित विभागों द्वारा अपनी-अपनी भूमिका, संसाधनों, आपातकालीन संचार व्यवस्था, राहत एवं बचाव कार्यों तथा समन्वय का अभ्यास किया जाएगा। इसके पश्चात 28 नवंबर को लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी, जिसमें वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप विभिन्न स्तरों पर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा।
श्री सुमन ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान उत्तराखण्ड की भौगोलिक एवं आपदा संवेदनशील परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ग्लेशियल लेक आउटबस्र्ट फ्लड, बादल फटना, अचानक बाढ़, भूकंप, भूस्खलन, हिमस्खलन, अतिवृष्टि, नदी में जलस्तर बढ़ने एवं बाढ़ की स्थिति, जंगल की आग, टनल दुर्घटना, सड़क दुर्घटना एवं बड़े पैमाने पर यात्रियों के फंसने, हेली इमरजेंसी लैंडिंग, भवन ढहने, औद्योगिक दुर्घटना, आगजनी, डैम/जलाशय से आकस्मिक जल प्रवाह, विद्युत दुर्घटना, रासायनिक दुर्घटना तथा भीड़भाड़ वाले स्थान पर भगदड़ जैसी परिस्थितियों को आधार बनाकर अभ्यास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य केवल राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि आपदा की स्थिति में सूचना प्राप्त होने से लेकर त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों की तैनाती, आपातकालीन संचार, घटनास्थल पर कमांड एवं नियंत्रण, घायलों के उपचार एवं सुरक्षित निकासी, राहत सामग्री की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय की वास्तविक क्षमता का परीक्षण करना है।
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मॉक ड्रिल को पूरी गंभीरता के साथ आयोजित किया जाए और इसमें एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, पेयजल, विद्युत, नगर निकायों, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, एनसीसी, एनएसएस, आपदा मित्र, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

श्री सुमन ने कहा कि सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान ने यह सिद्ध किया है कि कठिन से कठिन आपदा परिस्थितियों में भी मजबूत समन्वय, आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञता, त्वरित निर्णय और टीमवर्क के माध्यम से जीवन बचाया जा सकता है। 28 नवंबर की मॉक ड्रिल इसी सीख को व्यापक स्तर पर व्यवहार में उतारने का अवसर है, ताकि राज्य की आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था और अधिक सक्षम, तत्पर एवं प्रभावी बन सके।

उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन दिवस के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का व्यापक उद्देश्य आपदा से पहले तैयारी, आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया और आपदा के बाद प्रभावी पुनर्बहाली की संस्कृति को मजबूत करना है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे मॉक ड्रिल को वास्तविक आपदा की तरह गंभीरता से लें और इसमें सहयोग करें। इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन श्री प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी श्री राजकुमार नेगी, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री दिनेश कुमार पुनेठा आदि उपस्थित रहे।

राहत शिविरों की व्यवस्थाओं को परखा जाएगा
देहरादून। माॅक अभ्यास के दौरान राहत शिविरों की स्थापना का अभ्यास भी किया जाएगा। वहां बिजली, पानी, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा, शिशु आहार के साथ ही गर्भवती महिलाओं के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए रियल टाइम में उन्हें परखा जाएगा। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस तथा होमगार्ड के जवानों की तैनाती भी राहत शिविरों में की जाएगी।

सामुदायिक सहभागिता पर रहेगा फोकस
देहरादून। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मॉक ड्रिल में सामुदायिक सहभागिता पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा के दौरान स्थानीय समुदाय सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वाली इकाई होता है, इसलिए समुदाय आधारित आपदा प्रबंधन को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल में पूर्व सैनिकों, पूर्व अर्द्धसैनिक बल (सीएपीएफ) के जवानों, आपदा मित्रों, स्वयंसेवी संगठनों (एनजीओ), एनसीसी, एनएसएस, रेड क्रॉस तथा अन्य स्वयंसेवी समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

आपदा प्रबंधन उपकरणों की प्रदर्शनी लगेगी
देहरादून। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने बताया कि इस दौरान विभिन्न आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों द्वारा उपकरणों एवं संसाधनों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी तथा उनके संचालन का अभ्यास भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों में प्रयुक्त आधुनिक उपकरणों, संचार प्रणालियों, खोज एवं बचाव संसाधनों तथा आपदा प्रतिक्रिया वाहनों का प्रदर्शन किया जाएगा।

सरकारी कार्यालयों में आपदा सुरक्षा की होगी समीक्षा
देहरादून। आपदा प्रबंधन दिवस को लेकर राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों में संभावित आपदाओं और खतरों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए प्रत्येक कार्यालय में विभागाध्यक्ष अथवा कार्यालयाध्यक्ष की ओर से 3 से 5 सदस्यों की एक समिति गठित की जाएगी। समिति कार्यालय भवन में आग लगने, बिजली से दुर्घटना, भूकंप, भूस्खलन, बाढ़, भवन क्षतिग्रस्त होने, पेड़ गिरने तथा अन्य संभावित खतरों का आकलन कर उनसे बचाव के उपाय सुझाएगी। कार्यालयों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, उनकी वैधता एवं कार्यशीलता, प्रत्येक मंजिल पर उनकी व्यवस्था, पानी की उपलब्धता और कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के उपयोग की जानकारी की समीक्षा की जाएगी।

विद्यालयों में मॉक ड्रिल तथा प्रतियोगिताएं होंगी
देहरादून। शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि 25 से 27 नवम्बर के मध्य 100 से अधिक विद्यार्थियों वाले विद्यालयों में सुविधानुसार एक दिवसीय मॉक ड्रिल आयोजित की जाए। इसमें एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन विभाग, सेना, आईटीबीपी, एसएसबी, रेडक्रॉस, भारत स्काउट एवं गाइड, एनसीसी तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। 28 नवम्बर को विद्यालयों में आपदा प्रबंधन विषय पर वाद-विवाद, निबंध, पोस्टर, स्लोगन एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

विकासखंड स्तर पर बीडीसी बैठक और जनजागरूकता अभियान
देहरादून। प्रत्येक विकासखंड में 25 से 27 नवम्बर के मध्य क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक आयोजित कर उन्हें आपदा जोखिम कम करने के उपायों की जानकारी दी जाएगी। सामुदायिक सहभागिता के आधार पर जागरूकता रैली, जनसंपर्क अभियान, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर एवं अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। स्थानीय स्वयंसेवकों को प्राथमिक उपचार और बुनियादी खोज एवं बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *