विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियां तेज, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को दिया गया प्रशिक्षण

विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, निर्विघ्न एवं पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताः डीएम

देहरादून,। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, निर्विघ्न एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन देहरादून द्वारा निर्वाचन तैयारियों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में आज परेड ग्राउंड परिसर स्थित बॉक्सिंग हॉल में जनपद के निर्वाचन हेतु नियुक्त जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने कार्मिकों के मध्य पहुंचकर उनके निर्वाचन संबंधी दायित्वों, कार्यप्रणाली एवं विभिन्न प्रक्रियाओं से जुड़ी शंकाओं को सुना तथा उनका समाधान किया। उन्होंने प्रशिक्षण में उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, निर्विघ्न एवं पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। निर्वाचन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने में जोनल तथा सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन लोकतंत्र का पावन पर्व है तथा इसकी गरिमा और पवित्रता बनाए रखना प्रत्येक निर्वाचन कार्मिक की जिम्मेदारी है। निर्वाचन में सौंपे गए दायित्वों को बोझ के रूप में नहीं, बल्कि राष्ट्र एवं राज्य के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के अवसर के रूप में लें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा चूक के लिए कोई स्थान नहीं है। किसी भी विषय पर शंका होने पर संबंधित अधिकारी अपने उच्चाधिकारी से संपर्क कर समय रहते समाधान सुनिश्चित करें, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन से संबंधित सभी दायित्वों एवं प्रक्रियाओं को भली-भांति समझते हुए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में प्राप्त इस अवसर को अपने कार्य अनुभव एवं व्यक्तित्व विकास का हिस्सा बनाते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व को निष्पक्ष, निर्बाध एवं निर्विघ्न सम्पन्न कराने में सक्रिय योगदान दें।
जिलाधिकारी ने जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करते हुए मतदान केंद्रों एवं मतदान बूथों की स्थिति का गंभीरता से निरीक्षण करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान मतदान केंद्र तक पहुंचने वाले मार्ग की स्थिति, सड़क से मतदान केंद्र की दूरी, मतदान केंद्र भवन की स्थिति, आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं (एएमएफ) की उपलब्धता, कनेक्टिविटी, नेटवर्क की स्थिति तथा वर्नेबल एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों की मैपिंग सहित अन्य आवश्यक निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का विस्तृत आकलन करते हुए डेटाबेस बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि क्षेत्रीय निरीक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का सटीक संकलन एवं रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए, जिससे निर्वाचन की तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जा सके। प्रशिक्षण में नियुक्त 50 जोनल मजिस्ट्रेटों में से 46 तथा 239 सेक्टर मजिस्ट्रेटों में से 218 अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी जितेन्द्र कुमार तथा मास्टर ट्रेनर एवं निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह उपस्थित रहे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

यूकेपीएससी अपर पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने ली बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश 29 नवंबर को जनपद में दो पालियों में आयोजित होगी परीक्षा, परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश आगामी 29 नवंबर, 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा (अपर पीसीएस) प्रारंभिक परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में संबंधित अधिकारियों एवं आयोग के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सेक्टर अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने, परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने तथा परीक्षा के दौरान आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, परीक्षा के दौरान आवश्यक पुलिस बल की तैनाती तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही उड़नदस्तों को सक्रिय रखते हुए परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कड़ी नजर रखने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों को परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित अपर पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 29 नवंबर को दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली में प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सामान्य अध्ययन (जीएस) तथा द्वितीय पाली में अपराह्न 2 बजे से शाम 4 बजे तक सामान्य अभिरुचि (एप्टीट्यूड) की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस भर्ती के अंतर्गत कुल 67 पदों पर चयन किया जाना है। बैठक में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, अपर जिलाधिकारी कमलेश मेहता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल, मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, तहसीलदार रुद्रप्रयाग जगदीश नेगी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं आयोग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।