*कांवड़ यात्रा सकुशल सम्पन्न होने के बाद जनपद में चलाया जा रहा वृहद सफाई अभियान*

*जिलाधिकारी ने आमजन, स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं व्यापार मंडलों से अभियान में शामिल होने की अपील की*

*आस्था के साथ स्वच्छता का संकल्प—कांवड़ मेला समापन के बाद गंगा घाटों एवं निकाय क्षेत्रों में चलाया जा रहा स्वच्छता अभियान*

*“स्वच्छता ही सेवा, स्वच्छता ही संस्कार”*

*हरिद्वार।   कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं सकुशल समापन के उपरांत माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशों के अनुपालन एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में जनपद में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की जा रही है। जिलाधिकारी ने आमजन, स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं व्यापार मंडलों से भी इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होकर जनपद को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

इसी क्रम में आज विष्णु घाट, हरिद्वार में आईटीसी मिशन सुनहरा कल, श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम एवं नगर निगम हरिद्वार के संयुक्त प्रयास से गंगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जनभागीदारी के माध्यम से घाटों से कूड़ा-कचरा एकत्र करने के साथ ही घाटों की धुलाई एवं सफाई की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं, कांवड़ यात्रियों एवं दुकानदारों को प्लास्टिक एवं कचरा गंगा में न डालने तथा निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने के लिए जागरूक किया गया।

आज के जनभागीदारी अभियान में 92 गार्बेज बैग कचरा एकत्र किया गया, जिसे वैज्ञानिक निस्तारण के लिए नगर निगम हरिद्वार को सौंपा गया।

इसी क्रम में बाबा बंसी वाले अन्नपूर्णा आश्रम समिति, शिवनगर, भूपतवाला के कार्यकर्ताओं द्वारा पंत दीप पूर्वी घाट पर भी सफाई अभियान चलाया गया। आश्रम समिति द्वारा बताया गया कि इस घाट पर प्रतिदिन का सफाई कार्य भी आश्रम द्वारा किया जाता है। कांवड़ मेले के दौरान एवं मेले के समापन के उपरांत घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में समिति द्वारा निरंतर सहयोग किया जा रहा है।

विभिन्न संगठनों ने भी किया स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग

जनपद में चलाए जा रहे इस वृहद स्वच्छता अभियान में विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों द्वारा भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया जा रहा है। साथ ही, नगर निगम स्वच्छता की ब्रांड एम्बेसडर सोनिया द्वारा भी रोडीबेलवाला स्थित गंगा घाटों पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। संगठन के सदस्यों ने स्वच्छता अभियान में सहयोग करते हुए आमजन को अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने के लिए जागरूक किया।

जनपद के विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में निकायों के साथ-साथ सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों द्वारा स्वच्छता अभियान में सहभागिता की जा रही है। इन अभियानों के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों, मार्गों, घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ ही आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए हरिद्वार प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया गया। कांवड़ मेला सकुशल सम्पन्न कराने में प्रशासन, पुलिस, विभिन्न विभागों,स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों,व्यापार मंडलों एवं आमजन द्वारा किए गए सहयोग के बाद अब स्वच्छता अभियान को भी जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक रूप दिया जा रहा है।

जनभागीदारी से चलाए जा रहे इस वृहद स्वच्छता अभियान का उद्देश्य गंगा घाटों एवं नगरीय क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के साथ-साथ आमजन में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी एवं जागरूकता की भावना को मजबूत करना है। जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा व्यापार मंडलों से अपील की है कि वे स्वच्छता अभियान में सहभागी बनें और अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें।

आइए, आस्था के साथ स्वच्छता को भी अपनी जिम्मेदारी बनाएं।

*“माँ गंगा की स्वच्छता ही सच्ची आस्था है,*

*स्वच्छता ही सबसे बड़ी सेवा है।”*


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist

Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist.

For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction.

Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan.

शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *