*संविधान के आदर्शों को अपने व्यवहार एवं कार्यशैली में उतारें – मुख्यमंत्री*

*संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने अभियोजन विभाग के लिए की तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं*

*नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण एवं जनजागरूकता के लिए अभियोजन विभाग को मिलेगी 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि*

*अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण एवं बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर*

*मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को किया सम्मानित, ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ एवं ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ का किया विमोचन*

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पुलिस लाइन, देहरादून में संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने सभी को संविधान एवं विधि दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं संविधान सभा के सभी सदस्यों के योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में उतारने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अभियोजन विभाग के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के संबंध में अभियोजन विभाग, पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने तथा आमजन को जागरूक करने के लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की जाएगी। अभियोजन विभाग के कार्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए कंप्यूटर एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं हेतु अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। प्रदेश के सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन पहलों से अभियोजन विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और प्रदेश की अभियोजन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को संविधान की शपथ भी दिलाई।उन्होंने विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा एवं अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया। इनमें वरिष्ठ अधिवक्ता श्री सीताराम नागलिया, श्री एस.सी. बिरमानी एवं श्री गोविन्द राम नौटियाल, समाजसेवी श्रीमती कुसुम कण्डवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना एवं डॉ. महेश कुड़ियाल, समाजसेवी एवं शिक्षाविद् श्री ललित जोशी तथा सेवानिवृत्त अभियोजक श्री राम सिंह शर्मा, श्री मनोहर लाल सडाना, श्री सुभाष चन्द्र गुप्ता, श्री त्रेपन सिंह बिष्ट एवं श्री सुन्दर सिंह गुसाईं शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ एवं ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में न्याय और सत्य को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। महाभारत में वर्णित विदुर नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवस्था की प्रतिष्ठा तभी बनी रहती है, जब उसके केंद्र में सत्य, न्याय और निष्पक्षता हो। यही सिद्धांत हमारी न्याय व्यवस्था का भी आधार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। विवेचना अधिकारियों द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों का विधिक परीक्षण करना, तथ्यों एवं साक्ष्यों को न्यायालय के समक्ष स्पष्ट और निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए अभियोजन का पक्ष मजबूती से रखना अभियोजन अधिकारियों का महत्वपूर्ण दायित्व है। अभियोजन अधिकारियों की मेहनत, विधिक दक्षता और निष्पक्षता से न्याय व्यवस्था के प्रति आम नागरिकों का विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के लिए अभियोजन अधिकारियों की सराहना भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 का दिन भारत के इतिहास में अत्यंत गौरवपूर्ण है। इसी दिन संविधान सभा ने दो वर्ष, 11 माह और 18 दिन के अथक परिश्रम के बाद भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। वर्ष 1979 में प्रख्यात विधिवेत्ता डॉ. लक्ष्मीमल्ल सिंघवी एवं सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की पहल पर 26 नवंबर को विधि दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई। वर्ष 2015 में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था को आधुनिक, सरल एवं नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। औपनिवेशिक काल के आपराधिक कानूनों के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए गए हैं। यह स्वतंत्रता के बाद देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था के सबसे बड़े सुधारों में से एक है। इन कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों और समयबद्ध न्याय पर विशेष बल दिया गया है। नए आपराधिक कानूनों के लागू होने से अभियोजन अधिकारियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की न्याय व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं आधुनिक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नए न्यायालय भवनों के निर्माण के साथ ही पुराने भवनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालयों और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इससे प्रदेश के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों की न्याय तक पहुंच सुगम हो रही है। राज्य सरकार युवा अधिवक्ताओं के कौशल विकास, विधि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा महिला अधिवक्ताओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल सुनिश्चित करने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून तभी प्रभावी होता है, जब उसका पालन बिना किसी भेदभाव के सुनिश्चित हो और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। देवभूमि उत्तराखण्ड में कानून का राज कायम रखना और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर अमल करना राज्य सरकार का संकल्प है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस संकल्प को साकार करने में अभियोजन विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का निरंतर सहयोग मिलता रहेगा।

इस अवसर पर विधायक श्री विनोद चमोली, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती कुसुम कण्डवाल, सचिव गृह श्री शैलेश बगौली, निदेशक अभियोजन श्री ए.पी. अंशुमान सहित अभियोजन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।


By Shashi Sharma

Shashi Sharma – Senior Woman Journalist Shashi Sharma has been active in journalism since 1985, holding the distinction of being Uttarakhand's first female journalist. For 36 years, starting in 1989, she rendered distinguished service to India's premier news agency, PTI. During this long tenure, she demonstrated the power of her writing on numerous significant occasions; notably, she spent two months in Tehri reporting positively on the Tehri Dam—which was then mired in controversy—and used her pen to help pave the way for its construction. Currently, Mrs. Shashi Sharma runs the news portal *Newsok24.com* and serves as the editor of the weekly newspaper *Desh Nirdesh*; she is also a registered anchor and commentator for Delhi Doordarshan. शशि शर्मा वरिष्ठ महिला पत्रकार शशि शर्मा उत्तराखंड की पहली महिला पत्रकार के तौर पर 1985 से पत्रकारिता में कार्यरत हैं। 1989 से 36 वर्षों तक उन्होंने भारत की शीर्ष समाचार एजेंसी पीटीआई के लिए अपनी सशक्त सेवाएं दीं। छत्तीस वर्षों की लंबी अवधि तक पीटीआई के लिए काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर अपनी कलम का लोहा मनवाया, जिसमें दो महीने तक टिहरी में रहकर विवादों के संकट में रहे टिहरी बांध पर सकारात्मक रिपोर्टिंग कर अपनी कलम की ताकत से निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में श्रीमती शशि शर्मा Newsok24 com न्यूज पोर्टल को चला रहीं हैं और साप्ताहिक समाचार पत्र देश निर्देश की सम्पादक होने के साथ ही दिल्ली दूरदर्शन की रजिस्टर्ड एंकर और कमेंटेटर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *